आगरा। आगरा में कोरोना मरीजों की संख्या फिर से बढ़ने लगी है। पिछले दो दिन से लगातार कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं। जिसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर अब 4 हो गयी है। विशेषज्ञों का कहना है कि जहां अगले दो से ढाई महीने में कोरोना की संभावित तीसरी लहर की आशंका खत्म हो जाएगी तो वहीं अभी हमें अगले 10-15 दिनों तक विशेष ध्यान रखना पड़ेगा।
बताते चलें कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में आगरा जिलाधिकारी ने आगरा को कोरोना फ्री घोषित कर दिया था लेकिन इसके कुछ दिन बाद से ही फिर से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। आठ अक्टूबर को एक नया मरीज मिला, तब सक्रिय मरीजों की संख्या तीन हो गई थी। इसके बाद नौ अक्टूबर को भी एक नया मरीज मिला था। सक्रिय मरीजों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो गई। इन दो दिनों में 7828 मरीजों के सैंपल लिए गए थे।
रविवार दोपहर बाद प्रशासन ने बीते 24 घंटे के आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, अभी चार सक्रिय मरीज हैं। पिछले 24 घंटे में 1008 सैंपल लिए गए। राहत की बात यह रही कि कोई भी नया मरीज नहीं मिला। इसके साथ ही आगरा में अब तक 25760 कोविड मरीजों में से 25298 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। सही होने वाले मरीजों का प्रतिशत भी 98.20 है।