Home » एमपी कांग्रेस प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पहुंचे स्व निहाल सिंह जैन के घर, व्यक्त की संवेदना

एमपी कांग्रेस प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पहुंचे स्व निहाल सिंह जैन के घर, व्यक्त की संवेदना

by admin

Agra. आगरा में कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी रहे पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन के निधन पर उनके परिवारी जनों से मिलने के लिए पूर्व सांसद व मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जेपी अग्रवाल और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम उनके निज निवास पहुंचे थे। दोनों ही नेताओं ने निहाल सिंह जैन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उसके बाद फिर उनकी पत्नी व बेटे से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त की।

पूर्व सांसद और मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जेपी अग्रवाल का कहना था कि निहाल सिंह जैन बड़े ही सरल और सहज स्वभाव के थे। शहर की समस्याओं को लोकसभा में उठाना तो आगरा में रहकर हर शहर वासी की समस्या को गंभीरता से सुनना उनकी कार्यशैली रही थी। समस्या लेकर उनके ऑफिस आने वाला हर पीड़ित तभी लौटा था जब उसकी समस्या का समाधान हो जाता था। उनके इस कार्यशैली से वह कायल हुए थे। पहले एक अच्छे दोस्त बने, फिर कब एक ही परिवार बन गए यह उन्हें भी नहीं पता। जेपी अग्रवाल ने कहा वह सदैव एक ही बात कहते थे हर व्यक्ति की मदद हो जाए तो राजनीतिक सफर पूरा हो जाएगा।

मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जेपी अग्रवाल ने बताया कि उनके निधन की सूचना तो उन्हें मिल गई थी लेकिन किसी कारण वह आगरा नहीं आ पाए थे। जैसे ही उन्हें समय मिला वह तुरंत परिवार से मिलने के लिए आगरा पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि उनका लगातार स्वास्थ्य गिरता चला जा रहा था जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बताया कि निहाल सिंह जैन आगरा शहर में कांग्रेस की रीड की हड्डी थे। गांधीवादी तरीके से उन्होंने कई आंदोलनों में भाग लिया था। आगरा में कांग्रेस को खड़ा करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। वह कांग्रेस से आगरा में सांसद भी रहे, इस दौरान उन्होंने लोगों की बखूबी सेवा भी की।

दोनों ही नेताओं ने कहा कि निहाल सिंह जैन की कमी कांग्रेस को जरूर खलेगी। क्योंकि आगरा में वरिष्ठ कांग्रेसी के रूप में कांग्रेस संगठन को उनका मार्गदर्शन मिलता रहता था जिसके चलते कांग्रेस हर स्थिति से लड़ने को तैयार होती थी।

Related Articles

Leave a Comment