आगरा। मेयर नवीन जैन ने शहर के प्रमुख चौराहों में से एक अवंतीबाई चौराहा, एमजी रोड़ पर रंग बिरंगी रोशनी में नहाए वॉटर फाउंटेन का लोकार्पण किया। शाम ढलने के साथ जैसे ही मेयर ने मशीन का बटन दबाया वैसे ही वाटर फाउंटेन शुरू हो गया। रानी अवंतीबाई की प्रतिमा के चारों तरफ़ बीच में रंग बिरंगी रोशनी के बीच ऊंची-ऊंची पानी की लहरों के साथ यह फाउंटेन बेहद खूबसूरत लग रहा था। इस सुंदर फाउंटेन का शुभारंभ होने पर क्षेत्रीय लोग खुशी से फूले नहीं समाए और मेयर नवीन जैन को धन्यवाद ज्ञापित किया।
मेयर नवीन जैन ने फ़ाउंटेन के लोकार्पण से पहले रानी अवंतीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात् फ़ाउंटेन का बटन दबाकर लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मेयर नवीन जैन ने बताया कि आगरा शहर में विकास कार्य कराने के साथ-साथ हमने शहर को सुंदर बनाने का जो लक्ष्य लिया था उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे है। अवंतीबाई चौराहा शहर के सबसे प्रमुख चौराहों में से एक है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्यां में पर्यटक यहां से होकर गुजरते हैं। ऐसे में यह ब्यूटीफुल वॉटर फाउंटेन उन सभी लोगों का स्वागत करते हुए एक अच्छे और सुंदर आगरा की अनुभूति कराएगा।

मेयर नवीन जैन ने बताया कि इससे पहले भी हम कावेरी कुंज कमला नगर, दीवानी चौराहा, छीपीटोला चौराहा, बलकेश्वर पार्क, वाटर वक्स आदि जगहों पर वॉटर फाउंटेन का लोकार्पण कर चुके हैं। अवंती बाई चौक पर शुरू हुए इस फाउंटेन की लागत लगभग ₹10 लाख है। इसका रखरखाव करने के साथ 5 साल तक मेंटेनेंस करने का काम भी निजी कंपनी द्वारा किया जाएगा।
इस मौके पर पार्षद लक्ष्मी शर्मा, पार्षद मोहन सिंह लोधी, युवा मोर्चा महानगर महामंत्री मनीष साहू, रघु शर्मा, प्रवीन जैन, संदीप परिहार, दीपक जैन, अधिशाषी अभियंता आर के सिंह आदि मौजूद रहे।