नई दिल्ली। आज 30 मई को लॉकडाउन 4 की समय सीमा समाप्त हो रही है। आगे लॉकडाउन 5 बढ़ाये जाने को लेकर शाम को गृह मंत्रालय ने अपनी गाइडलाइंस जारी कर दी है जिसके मुताबिक लॉकडाउन 5 को 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है लेकिन लॉकडाउन 5 को अनलॉक 1 के नाम से जाना जाएगा क्योंकि 1 जून से देश भर में कहीं भी आने जाने की अनुमति दे दी गई है और इसके लिए किसी पास की जरूरत नहीं होगी। अनलॉक 1 को पूरे देश में 3 फेज में लागू किया जाएगा जिसका पहला पेज 8 जून से शुरू होगा। दूसरा फेज 2 जुलाई से शुरू होगा और उसके बाद दोनों फेज की स्थिति को देखते हुए तीसरा फेज लागू किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस तरह धीरे-धीरे अनलॉक 1 के तीनों फेज़ लागू करने के बाद देश से लॉकडाउन हट जाएगा।
अनलॉक 1 के पहले फेज में 8 जून से देशभर में शर्तों के साथ कई रियायतें और छूट मिलेंगी। देश भर में कहीं भी आने-जाने की छूट मिलेगी। हालांकि राज्य सरकारों के ऊपर भी इसका निर्णय छोड़ा गया है। इसलिए राज्य सरकार अपने राज्यों में कोरोना की स्थिति को देखते हुए आवाजाही पर प्रतिबंध लगा सकती हैं। शर्तों के साथ 8 जून से सभी धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल्स, होटल रेस्त्रां, सैलून खोलने की अनुमति दी गई है। इन सभी जगह पर सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करना होगा। इतनी सुविधा मिलने के साथ कहा जा सकता है कि 8 जून से भारत वासियों की जिंदगी पटरी पर लौटने लगेगी।
वहीं गृह मंत्रालय ने नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है, यानी रात 9:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक नाइट कर्फ्यू के दौरान किसी भी तरह की आवाजाही नहीं होगी, कोई घर से बाहर नहीं निकलेगा। 30 जून तक देश के सभी कंटेनमेंट जोन में पूरी तरह पाबंदी रहेगी, कोई छूट नहीं दी जाएगी। यह कंटेंटमेंट जोन जिलाधिकारी द्वारा तय किए जाएंगे।
इसके अलावा कुछ पुराने नियमों को गृह मंत्रालय द्वारा 30 जून तक बढ़ाया गया है जिसके मुताबिक सार्वजनिक जगह पर और यात्रा करते वक्त फेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा। सार्वजनिक जगह पर गुटखा पान खाने पर रोक रहेगी और थूकने पर जुर्माना लगाया जाएगा। शादी समारोह में 50 लोग से ज्यादा शामिल नहीं होंगे, अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोग शामिल होंगे।
वहीं 30 जून तक सभी स्कूल कॉलेज, पार्क, जिम, स्विमिंग पूल, सिनेमा हॉल, विदेश यात्रा, मेट्रो सेवा बंद रहेगी। गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के मुताबिक जुलाई माह में स्कूल कॉलेज खोलने पर फैसला लिया जा सकता है। जबकि विदेश यात्रा मेट्रो सेवा, स्विमिंग पूल, सिनेमा हॉल, जिम खोलने का निर्णय अनलॉक 1 के फेज़ थ्री में किया जाएगा।