Home » आगरा में आंधी-बारिश से प्रभावित लोगों के लिए सीएम योगी ने की राहत राशि की घोषणा

आगरा में आंधी-बारिश से प्रभावित लोगों के लिए सीएम योगी ने की राहत राशि की घोषणा

by admin

लखनऊ/आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा जिले में आंधी-बारिश से हुई जनहानि पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवार को चार-चार लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही अधिकारियों को शुक्रवार को आई आपदा से प्रभावित लोगों को राहत एवं मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों का समुचित इलाज कराया जाएगा। 

जिले में शुक्रवार शाम का आंधी-बारिश ने तबाही मचा दी थी। लगभग 124 किलीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। इसके बाद ओलों के साथ तेज बारिश हुई। आंधी, ओले और बारिश से भारी नुकसान हुआ। शहर में 10 से ज्यादा मकान गिर गए। बच्ची सहित तीन की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। शहर से देहात तक 200 से ज्यादा पेड़ धराशायी हो गए।

थाना सदर क्षेत्र के नगला कर्मवीर में जयवीर और रमेश चंद के मकान गिर गए। जयवीर की छह साल की बच्ची नंदनी की मौत हो गई। जयवीर सहित परिवार के चार लोग घायल हो गए। डौकी क्षेत्र में 60 साल के कैलाशी और फतेहाबाद में 50 के रामशंकर की मौत हो गई। शाहगंज के चिल्लीपाड़ा में आंधी से मकान गिर गया। मलबे में परिवार दब गया।

आंधी से मोहब्बत की मिसाल ताजमहल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आंधी से मुख्य मकबरे के पीछे यमुना की तरफ की पत्थर की जालीदार रेलिंग गिर गई। पूर्वी व पश्चिमी गेट पर प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर मशीन, फाइबर की छत, ऑटोमेटिक गेट ध्वस्त हो गए। स्मारक के अंदर भी कई पत्थर गिरे हैं।  

Related Articles