Home आगरा कमरा बंद कर पति-पत्नी ने लगाई फांसी, मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

कमरा बंद कर पति-पत्नी ने लगाई फांसी, मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

by admin

Agra. मलपुरा थाना क्षेत्र के धनौली गांव में एक दंपति ने फांसी के फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए तो वहीं सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस ने भी घटनास्थल की ओर दौड़ लगा दी। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कानूनी कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया।

घटना मलपुरा थाना क्षेत्र के धनौली गांव की है। मूलरूप से कागारौल थाना क्षेत्र के इकराम नगर निवासी ईश्वरी अपनी पत्नी बबली और ढाई वर्ष की बेटी लावण्या के साथ यहां रहता था। यहां वह पास के ही एक ईंट-भट्ठा में मजदूरी करता था। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी अपने मायके आगरा के ही बोदला गई थी जो मंगलवार को वापस लौटी थी।

जानकारी के मुताबिक सुबह ईश्वरी के काम पर जाने के बाद दोपहर बाद करीब तीन बजे वह काम से लौटा था। इसके बाद कुछ देर बाद घर में ढाई वर्ष की मासूम लावण्या के तेज आवाज में रोने की आवाज सुनाई देने लगी। मासूम की रोने की आवाज बंद ना होने से पड़ोसियों को शक हुआ। आवाज देने पर भी कोई हलचल नही हुई। यह बात पड़ोसियों को खटकने लगी। खिड़की व दरबाजे से झांक कर देखा तो पड़ोसियों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक ईश्वरी और बबली दोनों के शव फांसी के फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर तुरंत पुलिस और उनके परिजनों को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। घर के दरवाजे को तोड़ा गया और दोनों की शव को फांसी के फंदे से उतारा गया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई कर दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पहेली बनी दोनों की मौत

घटना की जानकारी होते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों को समझ नहीं आ रहा कि आखिरकार ऐसा हुआ क्या कि दोनों ने एक साथ सुसाइड कर लिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें कुछ नहीं पता। दोनों के बीच सबकुछ ठीक था तो वहीं पड़ोसी भी इस घटना के बाद से सहम गए हैं। उन्हें भी कुछ समझ नहीं आ रहा कि सब कुछ ठीक होने के बाद आखिरकार यह कदम क्यों उठाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है कि आखिरकार दंपति की सुसाइड के पीछे क्या कहानी है और क्या कारण है।

Related Articles

Leave a Comment

%d bloggers like this: