Agra. कोरोना संक्रमण के कारण एक साल से बंद पड़े गतिमान एक्सप्रेस का संचालन फिर से शुरू हो गया है। एक बार फिर गतिमान पटरियों पर दौड़ती हुई नजर आई। 1 अप्रैल गुरुवार को गतिमान एक्सप्रेस के आगरा कैंट स्टेशन पर पहुँचने पर यात्रियों के चेहरे पर खुशी नजर आई और बड़े उत्साह के साथ यात्रा के लिए गतिमान में सवार हुए। पिछले साल कोविड- 19 संक्रमण के चलते देश भर में लगाए गए लॉकडाउन के चलते दूसरी ट्रेनों के साथ गतिमान का भी संचालन अस्थाई रूप से बंद कर दिया था। तभी से गतिमान एक्सप्रेस की गति पर ब्रेक लगे हुए थे लेकिन अब 1 अप्रैल से ये ट्रेन दोबारा शुरू कर दी गई है।
ये ट्रेन राजधानी दिल्ली से उत्तरप्रदेश के झांसी तक का 403 किलोमीटर का सफर 4 घंटे 25 मिनट में पूरा करती है। आगरा, ग्वालियर और झांसी के लोगों के लिए ये ट्रेन काफी उपयोगी है। नए आदेश के तहत ये ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर हफ्ते के 6 दिन नियमित रूप से चलेगी। ट्रेन में कोरोना संक्रमण से संबंधित प्रोटोकॉल व सावधानियों का सख्ती से पालन किया जाएगा। फिलहाल इसे 30 जून तक नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है। 30 जून के बाद ये ऐसे ही चलेगी या नहीं इसका फैसला बाद में लिया जाएगा।
आगरा रेल मंडल के पीआरओ एस के श्रीवास्तव ने बताया कि ये ट्रेन (12050/12049 निजामुद्दीन-झांसी-निजामुद्दीन एक्सप्रेस) दिल्ली के निजामुद्दीन रेल्वे स्टेशन से सुबह 8.10 पर रवाना होगी। 9.50 पर आगरा, 11.07 पर ग्वालियर होते हुए 12.35 पर झांसी रेल्वे स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी प्रकार दोपहर 3.05 पर झांसी से रवाना होकर 4.03 ग्वालियर, 5.40 आगरा होते हुए 7.30 बजे शाम को निजामुद्दीन रेल्वे स्टेशन पर पहुंचेगी।
रेल यात्रियों का कहना था कि गतिमान एक्सप्रेस के शुरू होने से एक लंबा सफर कम समय की दूरी में पूरा हो जाएगा। लगभग पूरे 1 साल बाद गतिमान एक्सप्रेस का संचालन पार्टी पर लौटा है रेलवे की ओर से गतिमान एक्सप्रेस के संचालन शुरू करने से पर्यटन से जुड़ी संस्थाएं भी काफी उत्साहित नजर आए। उनका कहना था कि जो पर्यटक ताजमहल निहारने के लिए आते हैं वह अब गतिमान से भी आगरा पहुंचेंगे।