Agra. आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने ब्राह्मण समाज को पार्टी की तरफ लामबंद करने के लिए कवायदें शुरू कर दी है। हाल ही में सपा प्रमुख ने ब्राह्मण संपर्क कार्यक्रम के तहत ‘प्रबुद्ध सम्मेलनों’ की एक श्रृंखला आयोजित करने की मंजूरी दी तो वहीं आगरा में जिला अध्यक्ष के चल रहे रिक्त पद की भरपाई भी ब्राह्मण समाज से ही की है। सपा प्रमुख के निर्देश पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा को समाजवादी पार्टी आगरा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी के विरोध में प्रत्याशी नहीं उतारने का खामियाजा समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल को भुगतना पड़ा था। सपा अध्यक्ष ने आगरा समेत 11 जिलों के जिलाध्यक्षों को हटाया था। रामगपोल बघेल एक साल तक जिलाध्यक्ष रहे। 25 जून, 2020 को उन्हें जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने उन्हें पदमुक्त करने के आदेश जारी किए थे। जिसके बाद से ही आगरा में सपा जिलाध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा है लेकिन अब इस पद की कमान पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा संभालेंगे।
पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा के जिलाध्यक्ष बनाये जाने से सपाइयों में खुशी की लहर है। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके जिलाध्यक्ष बनाये जाने से पार्टी मजबूत होगी तो वहीं ब्राह्मण समाज भी सपा को समर्थन करेगा।