Home » रेस्टॉरेंट की छत पर पूर्व कार्यरत कर्मचारी ने लगाई फांसी, राज्यमंत्री की पुत्र वधू को ठहराया जिम्मेदार

रेस्टॉरेंट की छत पर पूर्व कार्यरत कर्मचारी ने लगाई फांसी, राज्यमंत्री की पुत्र वधू को ठहराया जिम्मेदार

by admin

आगरा। परिवार के कारण सुर्खियों में रहने वाले एक राज्यमंत्री के पुत्र के रेस्टोरेंट पर एक कर्मचारी ने खुदकशी कर ली। खुदकुशी करने से पहले मृतक कर्मचारी ने अपने मोबाइल से शिलांग में रिश्तेदारों को आत्महत्या करने और आत्महत्या करने के कारणों की जानकारी दी। मृतक ने वाट्सएप पर भेजे सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए राज्यमंत्री की पुत्र वधू को जिम्मेदार बताया। मेघालय की एडीजी कानून व्यवस्था ने आगरा एडीजी अजय आनंद को वह मैसेज फॉरवर्ड करते हुए मामले की जानकारी दी। इसके बाद शहर की पुलिस हरकत में आई। मंगलवार सुबह पुलिस ने रेस्टोरेंट की छत से कर्मचारी के शव को बरामद कर लिया। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

बताया जाता है कि मृतक कर्मचारी एल्ड्रिन लिंगदोह शिलांग का रहने वाला था जो राज्यमंत्री के पुत्र के कारगिल पेट्रोल पंप चौराहा स्थित शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट में नौकरी करता था। बताया जाता है कि मृतक ने आत्महत्या करने से पहले मंगलवार सुबह शिलांग में रहने वाले अपने रिश्‍तेदारों को वाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा था। अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट पाकर रिश्‍तेदारों में हड़कंप मच गया। एल्ड्रिन को बचाने के उद्देश्य को लेकर परिजनों ने मेघालय की एडीजी कानून व्यवस्था ईडा शीशा को इससे अवगत कराया। मेघालय की एडीजी कानून व्यस्था ने यहां सुसाइड नोट तुरंत एडीजी अजय आनंद को मैसेज किया। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। एडीजी अजय आनंद के हस्तक्षेप के बाद एएसपी सौरभ दीक्षित पुलिस फोर्स के साथ रेस्टोरेंट पर पहुंचे। छत पर चढ़कर देखा गया तो टीन शेड में फंदे से युवक लटका मिल गया। सुसाइड नोट में युवक ने अपनी पूरी कहानी लिखते हुए हालातों का जिक्र किया है। इसमें राज्यमंत्री की पुत्र वधू को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

इस पूरे मामले को लेकर राज्यमंत्री के स्वजनों की ओर से पुलिस को बताया गया है कि एल्ड्रिन पूर्व में चोरी में सिकंदरा थाने से जेल गया था। जमानत पर बाहर आया तो उसे टीबी की बीमारी हो गई थी। इसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। छह माह से वह दिल्ली में ही नौकरी कर रहा था। लॉकडाउन के बाद यहां आ गया था। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से आकर मिला था। रेस्टोरेंट बंद था, इसलिए उसे काम पर नहीं रखा गया। उसके बाद आत्महत्या की घटना हुई। पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि मामले की सुबह एक युवक के सुसाइड करने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुँची थी। इस मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। इस मामले में राज्‍यमंत्री चौ उदयभान सिंह ने बात की गई तो उनका कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमारी ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।

Related Articles