Home » भारतीय सिंधू सभा की टूंडला व फिरोजाबाद इकाईयों का गठन

भारतीय सिंधू सभा की टूंडला व फिरोजाबाद इकाईयों का गठन

by admin

भारतीय सिंधू सभा ने उत्तर प्रदेश में संगठन की सभी शहरों व उपनगरों में इकाईयों के गठन का निर्णय लिया है। इसी क्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी, उत्तर प्रदेश प्रान्तीय संरक्षक घनश्याम दास देवनानी व महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी व मंत्री अशोक पारवानी ने टूंडला सिंधी कालोनी स्थित झूलेलाल मंदिर में समाज की बैठक में भारतीय सिंधू सभा की टुंडला इकाई का गठन किया। पूज्य सिंधी पंचायत टुंडला के अध्यक्ष ओम प्रकाश वलेचा को भारतीय सिंधू सभा टुंडला का अध्यक्ष मनोनीत करते हुए उन्हें शीघ्र ही अपनी कार्यकारणी का गठन करने का अधिकार दिया गया।

सभा में अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी ने भारतीय सिंधू सभा के गठन से लेकर अब तक के कार्यकलापों की जानकारी देते हुए इसके उदेश्यों पर प्रकाश डाला। प्रदेश महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी ने भारत माता की आजादी की लड़ाई में सिंधी समाज के सबसे कम उम्र के अमर शहीद हेमूं कालानी के बलिदान का जिक्र करते हुए उनके जन्म शताब्दी वर्ष को देश-विदेश में मनाए जाने की जानकारी दी। भारतीय सिंधू सभा द्वारा आगामी 31 मार्च 2023 को राष्ट्रीय स्तर पर भोपाल में मनाए जाने की जानकारी देते हुए समाज बंधुओ से अधिक संख्या में भागीदारी करने का आव्हान किया।

प्रदेश संरक्षक घनश्याम दास देवनानी ने उत्तर प्रदेश में भारतीय सिंधू सभा के किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभा द्वारा किए गए सामाजिक, सांस्कृतिक व शैक्षणिक कार्यों पर प्रकाश डाला। आगामी वर्ष 23 मार्च को वरूणावतार भगवान झूलेलाल अवतरण दिवस चेटीचंड के उपलक्ष्य में आगरा में 22 मार्च को निकाली जाने वाली विशाल शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी ने व संचालन प्रदेश मंत्री अशोक पारवानी ने की।

इसी क्रम में फिरोजाबाद इकाई का गठन करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन आर्य नगर फिरोजाबाद स्थित सिंधी गुरुद्वारा व संत कंवर राम धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए भारतीय सिंधू सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी ने भारतीय सिंधू सभा के तत्वावधान में गठन से लेकर अब तक के क्रियाकलापों पर प्रकाश डाला।

प्रदेश महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी ने अमर शहीद हेमूं कालानी के जन्म शताब्दी वर्ष को देश-विदेश में मनाए जाने की जानकारी के साथ भारतीय सिंधू सभा द्वारा आगामी वर्ष 31 मार्च को भोपाल में संपूर्ण देश का कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

प्रदेश संरक्षक घनश्याम दास देवनानी ने प्रदेश में संगठन के विस्तार और गठन की जानकारी दी व आगरा में वरूणावतार भगवान झूलेलाल अवतरण दिवस चेटीचंड पर आयोजित समारोह में भाग लेने की अपील की। बैठक में वैष्णो धाम मंदिर व समाचार पत्र के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश कन्हैयानी द्वारा पदाधिकारीगण का स्वागत किया गया।

भारतीय सिंधू सभा की फिरोजाबाद इकाई का अध्यक्ष गोपीचंद व संरक्षक मदनलाल को मनोनीत करते हुए कार्यकारणी का गठन कर सूचित करने की जिम्मेदारी दी गई। संचालन प्रदेश मंत्री नानक चंद वासवानी और धन्यवाद पूज्य सिंधी पंचायत फिरोजाबाद अध्यक्ष विनोद द्वारा दिया गया।

Related Articles

Leave a Comment