मथुरा। बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर की गोली मारकर हत्या के बाद विभाग में आक्रोश फैल गया है। इस वारदात के विरोध में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भी मोर्चा खोल दिया। शुक्रवार को विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर दिया। कार्य बहिष्कार से प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
इस घटना को लेकर शुक्रवार सुबह ही डीवीवीएनएल की एमडी सौम्या अग्रवाल, आईजी ए सतीश गणेश, मंडलायुक्त अनिल कुमार मथुरा पहुंच गए। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अधिकारियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही आक्रोशित बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुँच गए और नारेबाजी करते हुए गेस्ट हाउस का घेराव किया।
बता दें कि बृहस्पतिवार की रात जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की खबर सुनते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित कर्मचारियों ने अधिकारियों के सामने सुरक्षा की मांग की और बिना पुलिस प्रोटेक्शन के रात में कार्य करने से इनकार कर दिया है। इतना ही नही कर्मचारियों ने मृतक के परिवार को आर्थिक मदद और नौकरी की भी मांग उठाई।
कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए आईजी ए सतीश गणेस ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा और विभाग से जो भी मदद का प्रावधान है वो भी दिलाया जाएगा।