Agra. उत्तरी विधानसभा के चुनावी रण को जीतने के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद बंसल पूरी तरह से जुटे हुए हैं। लगातार डोर टू डोर जनसंपर्क किया जा रहा है लेकिन विनोद बंसल के लिए शनिवार का दिन कुछ खास ही रहा। कांग्रेस प्रत्याशी विनोद बंसल सिकंदरा चौराहा क्षेत्र में डोर टू डोर संपर्क कर रहे थे। सिकंदरा मार्केट में व्यापारियों से जनसंपर्क करने के बाद वो सड़क किनारे खड़ी छोले भटूरे वाले की ठेल पर पहुंचे। वहाँ पर लगभग 5 से 6 लोग मौजूद थे। उन्होंने सभी से हाथ जोड़कर इस बार कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की। लोगों ने उन्हें आस्वस्त किया लेकिन छोले भटूरे वाले ने उन्हें गले लगा लिया। यह दृश्य देख सभी लोग आश्चर्यचकित भी रह गए।
छोले भटूरे की ठेल लगाने वाले दारा सिंह का कहना है कि उन्हें लगभग 8 से 10 साल इस स्थान पर ठेल लगाते हुए हो गए। उन्होंने भी दर्जनों प्रत्याशियों को प्रचार प्रसार करते हुए देखा लेकिन व्यक्तिगत रूप से उनकी ठेल पर कोई भी वोट मांगने नहीं आया लेकिन आज कांग्रेस के विनोद बंसल उनके पास व्यक्तिगत रूप से आये तो उन्हें भी मतदाता होने का अहसास हुआ। वो कांग्रेस का साथ जरूर देंगे।

कांग्रेस प्रत्याशी विनोद बंसल का कहना है कि वह चुनावी गाइडलाइन का पालन करते हुए डोर टू डोर जनसंपर्क कर रहे हैं ।व्यक्तिगत रूप से मतदाताओं से मुलाकात कर अपने लिए समर्थन जुटा रहे हैं। इस दौरान क्षेत्र के लोग कितने भाजपा से नाराज हैं, इसकी भी जानकारी हो रही है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं का कहना है कि विकास के नाम पर भाजपा जनप्रतिनिधियों ने सिर्फ दिखावा किया है। काफी क्षेत्र ऐसे हैं जो विकास के लिए तरस रहे हैं लेकिन उन्हें आश्वस्त किया गया है कि अगर मैं विधायक चुना गया तो हर क्षेत्र का विकास जरूर होगा। क्षेत्रीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है,लोग कांग्रेस की ओर देख रहे हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी विनोद बंसल का कहना है कि यूपी सरकार को 5 साल हो गए। उनके विधायक 5 साल तक जनता के बीच नजर नहीं आए तो वहीं विकास कार्य कहीं भी दिखाई नहीं देता। हां, भाजपा के विधायकों ने अपने करीबी लोगों के घरों के सामने जरूर विकास कार्य करा दिया है और उसी का गुणगान कर रहे हैं। जनता समझ चुकी है। इस चुनाव में जनता मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।