आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र के ट्रांस यमुना में स्थित एक हॉस्पिटल में महिला को पथरी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। महिला को दूसरे हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। जहां महिला की मृत्यु हो गई। महिला की मृत्यु के बाद परिवारीजनों का धैर्य टूट गया। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को हॉस्पिटल में रखकर जमकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
पथरी के ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबियत
मूल रूप से जिला फिरोजाबाद घूरूकुआ थाना नगला सिंगी निवासी नीरू उर्फ भूरी देवी पत्नी नीरज की शादी करी 6 साल पूर्व हुई थी। नीरू ने दो पुत्रों को जन्म दिया था। लव कुश उम्र 1 व सनी उम्र 4 साल हैं। जानकारी में परिवारीजनों ने बताया कि भूरी देवी के पित्त की थैली में पथरी थी। भूरी देवी को शनिवार को ट्रांस यमुना स्थित श्री राधे हॉस्पिटल में ऑपरेशन हेतु भर्ती कर दिया गया ।उसका ऑपरेशन रविवार को कर दिया। ऑपरेशन होने के 2 दिन बाद भूरी की तबीयत बिगड़ने लगी। तबीयत बिगड़ने पर हॉस्पिटल से उसे दूसरे हॉस्पिटल में रेफर कर दिया। जहां पर 2 दिन भर्ती रहने के बाद बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
हॉस्पिटल में की तोड़फोड़
महिला की मृत्यु के बाद परिवारीजनों का आक्रोश फूट गया और भूरी देवी का शव लेकर श्री राधा हॉस्पिटल पर आ गए। हॉस्पिटल पर आते ही परिजनों ने घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर दी। केबिन के शीशे तोड़ दिए, साथ ही ऑफिस में रखी कुर्सियों को भी फेंकना शुरू कर दिया। हॉस्पिटल के अंदर भर्ती अन्य मरीज बुरी तरीह से दहशत में आ गए।

स्टॉफ हुआ फ़रार
घटना की जानकारी होने पर थाना भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद थाना पुलिस ने मामला शांत कराया। हॉस्पिटल से पूरा स्टाफ हॉस्पिटल छोड़कर भाग गया। खबर लिखे जाने तक किसी ने भी कोई तहरीर नहीं दी है।
भर्ती कराने को एजेंट ने किया सौदा
जानकारी में भूरी देवी के परिजनों ने बताया कि उसकी तबीयत खराब होने पर उसे पहले गांव के ही एक डॉक्टर के पास ले गए थे। डॉक्टर ने ही उसे इसी हॉस्पिटल में भर्ती कराने की सलाह दी थी। उसके बाद ही भूरी को ट्रांस यमुना फेस 2 स्थित श्री राधे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।