Agra. पति पत्नी के बीच हुए विवाद में पत्नी की जान चली गयी। शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद पति सहित परिवार के अन्य लोग फरार हो गए है। सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने कानूनी कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया और घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
घटना निबोहरा थाना क्षेत्र के गाँव ताल की घड़ी का है। बताया जाता है कि बीती रात कमल किशोर शराब पीकर आया था। किसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत पति ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी के सिर पर प्रहार किया जिससे उसकी मौत हो गयी। करीब चार बजे इस घटना की जानकारी मृतका के ससुराल पक्ष ने मृतका के परिजनों को दी जिसे सुनकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मृतका के भाई ने बताया कि कमल किशोर शराबी था और आए दिन बहन के साथ मारपीट करता था। सुबह 4 बजे बहन की मौत की जानकारी मिली। मौके पर पहुँचे तो बहन का पति और ससुराल के सभी लोग गायब थे। बहन के पति कमल किशोर ने ही इस घटना को अंजाम दिया है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुँच गए। सीओ फतेहाबाद वीएस वीर सिंह ने बताया कि सुबह 4 बजे 112 पर इस घटना की सूचना दी गई। मौके पर जांच पड़ताल की गई। मृतका के गले और सर पर चौट के निशान है। पूछताछ में पता चला है कि बीती रात पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ जिसके बाद इस पति ने इस घटना को अंजाम दिया है। मृतका के परिजनों की जो तहरीर मिलेगी उस पर कार्यवाही की जाएगी।