आगरा। मोहब्बत की नगरी में एक नवविवाहित दहेज लोभियों की भेंट चढ़ गयी। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी और पूरे मामले को दबाने के लिए बिना मृतका के परिजनों और बिना पुलिस को सूचित किये उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस घटना की जानकारी होते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी और मृतका बेटी के घर पहुँच गया। इस घटना के बाद मृतका के ससुराल वाले फरार हो गए है लेकिन पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत के ले लिया है।
मामला थाना सदर क्षेत्र के न्यू जनता कॉलोनी का है। रेलवे में कार्यरत कुंवरपाल सिंह का 14 माह पूर्व मथुरा की काल्पनिक नाम की पिंकी से हुआ था। मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि आये दिन मृतका को अतिरिक्त दहेज व चार पहिया वाहन के लिए परेशान किया जाता था। आज दहेज की डिमांड पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गयी है। इस घटना की जानकारी उन्हें रिश्ता करवाने वाले बिचौलिया के माध्यम से हुई है। वो जब तक आये मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

घटना की सूचना पर पहुँचे सीओ सदर विकास जायसवाल का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मृतका की नेचुरल डेथ थी या फिर उसकी हत्या हुई है। अन्तिम संस्कार के लिए पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी क्योंकि लॉक डाउन के दौरान सूचना देना भी जरूरी है। पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।