आगरा। देश की सर्वोच्च न्यायालय की ओर से शनिवार को राम मंदिर मामले को लेकर जो फैसला आया है उस फैसले का कांग्रेसियों ने भी स्वागत किया है। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के आए फैसले को लेकर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री कृष्ण वीर सिंह कौशल की ओर से एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री कृष्ण वीर सिंह कौशल राम मंदिर मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के आए निर्णय पर पार्टी का पक्ष रखा।

पूर्व मंत्री कृष्ण वीर सिंह कौशल ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का जो निर्णय आया है वह स्वागत योग्य है। यह निर्णय किसी भी पक्ष की जय पराजय का नहीं है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उम्मीद की जा सकती है कि यह फैसला धर्म और जाति के नाम पर दो समुदायों में बन चुके फ़ासलों को मिटाने में मील का पत्थर साबित होगा। कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का सम्मान करती है और सभी लोगों को और सभी पक्षों को सुप्रीम कोर्ट केस निर्णय का सम्मान करना चाहिए।
इतना ही नहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने शहरवासियों से अपील की कि वह संविधान में स्थापित सद्भाव और भाईचारे के उच्च मूल्यों को निभाते हुए अमन चैन और आपसी प्रेम सौहार्द बनाए रखें।
पत्रकार वार्ता में मौजूद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पूरे प्रदेश में वर्तमान सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलनों को 15 नवंबर तक स्थगित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष जल्द ही कार्यक्रमों की घोषणा करेंगे। उसी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों और आंदोलनों में प्रतिभाग करेंगे।
इस प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व प्रदेश सचिव विनोद बंसल, पूर्व पार्षद अशोक शर्मा, पूर्व शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामेंद्र पचौरी, आईडी श्रीवास्तव मौजूद रहे।