आगरा। द्वापर युग के अवतार भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की धूम पूरे देश में देखी जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली जनपद मथुरा में इस समय जन्माष्टमी की धूम मची हुई है। जन्माष्टमी के महापर्व पर शिरकत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा एयरपोर्ट पहुचे थे।
आगरा एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की निधन की खबर मिली। पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन की खबर मिलते ही प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने पूरे देश और उत्तर प्रदेश के कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आगरा से जनपद मथुरा की जन्माष्टमी महापर्व में शिरक़त कार्यक्रम को निरस्त किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगरा के एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत भी की। मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और राजनीति के इतिहास में इसे एक बड़ी क्षति बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली कानून मंत्री भी रहे हैं। राज्यसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं। राजनीति के लंबे समय में जो भी चुनौतियां मिली थी अरुण जेटली ने उन चुनौतियों को सहज ही स्वीकार किया था। ऐसे में अरुण जेटली का निधन पूरी राजनीति और देश के लिए एक अपूर्ण क्षति है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सबसे पहला उद्देश्य उनका अरुण जी को श्रद्धांजलि देना है । लिहाजा मथुरा का कार्यक्रम निरस्त किया जा रहा है और आगरा से दिल्ली जा रहे हैं। मीडिया से बातचीत के बाद आगरा एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।