आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर गुरुवार तड़के सुबह लगभग तीन बजे कानपुर से दिल्ली जाते समय एक कार टायर फटने के कारण पलट गई जिसमें एक बालक की मौत हो गई जबकि मृतक के माता पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ईलाज़ के लिए आगरा अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार विवेक सचान गांव भोजेपुर थाना सजैती कानपुर से अपने पिता की मृत्यु संस्कार करने के बाद दिल्ली के लिए कार संख्या डीएल 2सी एवी 2843 से रवाना हुऐ थे। कार सुबह लगभग तीन बजे जैसे ही आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के किलोमीटर पांच पर सीताराम की मढैया और बीझामई के मध्य पहुंची, तभी अचानक कार का पहिया फट गया और कार पलट गई। कार में बैठे लोगों मे चीखपुकार मच गई। पीछे से आ रहे वाहनों को रोककर लोगों ने बडी मुश्किल से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इधर घटना की जानकारी होते ही प्रभारी निरीक्षक डौकी अशोक कुमार उपनिरीक्षक जे.पी. अशोक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल विवेक सचान पुत्र अमरेश कुमार, पत्नी साधना ,13 वर्षीय पुत्र शिव सचान और साला सौरभ पुत्र अनिल सचान निवासी आवास विकास अंशपुरम, थाना नौबस्ता कानपुर व चचेरा भाई लोकेन्द्र पुत्र गिरजाशंकर को आगरा उपचार हेतु आगरा भिजवाया गया। जहां उपचार के दौरान शिव सचान की मौत हो गई। पुलिस ने शव को शवविच्छेदन गृह भिजवाया गया है।