Home » गुब्बारे उड़ाकर भाजपाइयों ने रैली में जुटने का किया आह्वान, महापौर-राज्यमंत्री ने परखी व्यवस्था

गुब्बारे उड़ाकर भाजपाइयों ने रैली में जुटने का किया आह्वान, महापौर-राज्यमंत्री ने परखी व्यवस्था

by admin

आगरा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोठी मीना बाजार मैदान में CAA के समर्थन में होने जा रही रैली की तैयारियों में जुटे हुए है। इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में लोग पहुँचे इसकी भी कसरत की जा रही है। बुधवार को कोठी मीना बाजार मैदान में इस रैली की चल रही अंतिम चरणों की तैयारियों के दौरान रैली स्थल से भाजपा महानगर अध्यक्ष भानू महाजन ने तिरंगे रंग में रंगे गुब्बारों को हवा में उड़ाया और प्रेम व सौहार्द का संदेश देते हुए शहरवासियों से इस रैली में पहुँचने की अपील की।

आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान पर 23 जनवरी को होने वाली रैली उत्तर प्रदेश में छठी रैली है जिसे भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। जागरूकता रैली में जेपी नड्डा के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, सहित कई मंत्री और विधायक सांसद शामिल होंगे। ब्रज क्षेत्र में हो रही इस रैली में आगरा सहित पांच जिलों की 19 विधानसभाओं से लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

रैली की तैयारियों को लेकर महापौर नवीन जैन ने राज्यमंत्री डॉ0 जीएस धर्मेश के साथ मिलकर रैली स्थल का दौरा किया और रैली की तैयारियों का जायजा लिया जिससे अंतिम चरणों की तैयारियों के दौरान कोई खामी न रह जाये। महापौर नवीन जैन और राज्यमंत्री जीएस धर्मेश ने मुख्य मंच का निरीक्षण किया और लोगों के बैठने की स्थिति का जायजा लिया। इतना ही नही सुरक्षा के क्या इंतजाम है इसकी भी जानकारी ली।

पार्टी नेताओं का कहना है कि CAA के समर्थन में होने वाली यह रैली अन्य रैलियों का रिकॉर्ड तोड़ेगी। इस रैली के माध्यम से CAA को लेकर विपक्ष की ओर से जो भ्रम फैलाया जा रहा है उसे दूर किया जाएगा और आम जनमानस को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि यह कानून किसी विशेष समाज के विरोध में नहीं हैं।

इस रैली को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी पूरी तैयारियां कर ली है। पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि रैली स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है जिससे रैली या उद्बोधन के दौरान किसी तरह की विवादास्पद स्थिति पैदा ना हो।

Related Articles