Home » एक हज़ार से अधिक व्यापारियों ने दिया भाजपा पार्टी से इस्तीफ़ा, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा पत्र

एक हज़ार से अधिक व्यापारियों ने दिया भाजपा पार्टी से इस्तीफ़ा, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा पत्र

by admin

आगरा। पार्किंग को लेकर 14 जनवरी से धरने पर बैठे संजय प्लेस मार्केट के व्यापारियों की कोई सुनवाई ना होने से आक्रोशित व्यापारियों ने बड़ा फैसला ले लिया है। बुधवार को अपना प्रदर्शन जारी रखते हुए शाम को भाजपा पार्टी से लगभग 1123 व्यापारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। संजय पैलेस मार्केट के व्यापारियों ने भाजपा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र भी लिखा है और इस पत्र में सामूहिक रूप से भाजपा पार्टी से इस्तीफा देने की बात कही गई है। व्यापारियों का यह पत्र सोशल मीडिया पर भी तेजी के साथ वायरल हो रहा है जिसके बाद से भाजपा पार्टी से इस्तीफा देने से भाजपा में भी हड़कंप की स्थिति है।

व्यापारियों ने इस पत्र में लिखा है कि वह मा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों एवं कार्यों से प्रभावित थे जिसके कारण अधिकांश व्यापारियों द्वारा कई वर्षों पहले भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की गई थी और निरंतर पार्टी से जुड़ कर देशहित एवं पार्टी हित में कार्य कर रहे थे। लेकिन व्यापारियों की पार्टी कही जाने वाले भाजपा पार्टी के जनप्रतिनिधि ही अब व्यापारियों के शोषण पर उतर आए हैं, जिसका जीता जागता उदाहरण संजय पैलेस मार्केट की पार्किंग है।

व्यापारियों का कहना था कि वह लगभग 35 वर्षों से यहां पर अपना व्यापार कर रहे हैं। संजय प्लेस एक व्यवसायिक केंद्र है एवं आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा पार्किंग की सुविधा व्यापारियों एवं लोगों के इस्तेमाल हेतु आवंटित की गई थी। इन पार्किंग स्थलों का नक्शा भी आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा पास किया गया था और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी आवास विकास प्राधिकरण ने नगर निगम को सौंप दी थी लेकिन आगरा नगर निगम द्वारा अनैतिक रूप से संजय प्लेस में गैरकानूनी रूप से पार्किंग का ठेका उठा दिया गया। नगर निगम ठेकेदार द्वारा अवैध रूप से वसूली की जा रही है जबकि इस संबंध में आगरा जनपद न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है।

व्यापारियों का यह भी कहना था कि इस समस्या को लेकर वह कई बार भाजपा के विधायक, सांसद एवं मेयर के समक्ष पार्किंग से संबंधित शिकायत और अपनी मांग भी लग चुके हैं लेकिन इस अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इसीलिए संजय पैलेस मार्केट एसोसिएशन के सभी व्यापारियों और कार्यकर्ता सामूहिक रूप से भाजपा पार्टी से त्यागपत्र देकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।

Related Articles