आगरा। थाना शमशाबाद क्षेत्र के इकलास पुरा में बारिश के चलते मकान की दीवार ढह गई। मकान की दीवार ढहने से मलबे में महिला समेत तीन लोग दब गए। इस दौरान महिला की दर्दनाक मौत हो गई तो वहीं दो लोग घायल हुए हैं। मामला थाना शमशाबाद क्षेत्र के इकलास पुरा गांव का है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार करीब शाम 4 बजे राजमिस्त्री का काम करने वाले गोकुल सिंह के घर की दीवार सीलन के चलते अचानक भरभरा कर गिर गई। परिवार कुछ भी समझ पाता इससे पहले घर के अंदर काम कर रही उसकी पत्नी, एक 18 वर्षीय पुत्र और खुद राजमिस्त्री मलबे के नीचे दब गए। मलबे में नीचे दबने से राजमिस्त्री की पत्नी रामा की मौके पर की दर्दनाक मौत हो गई और पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है।
दीवार गिरने के बाद घर का पूरा सामान तहस-नहस हो गया है। लॉकडाउन के दौरान राज मिस्त्री ने बेटी की शादी भी की थी जिसके चलते पारिवार की आर्थिक स्थिति भी खासी ठीक नहीं है तो वहीं ग्रामीणों ने परिवार की गरीबी को देखकर प्रशासन से गरीब के परिवार को सहायता राशि प्रदान कराने की मांग की है।
शमशाबाद से मनीष शर्मा की रिपोर्ट