आगरा। 14 अप्रैल को ताजनगरी में सजने वाली ऐतिहासिक भीम नगरी आयोजन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आने का रास्ता साफ हो गया है। आम आदमी पार्टी आगरा जिला मीडिया प्रभारी अनमोल बंसल ने जानकारी दी कि अरविंद केजरीवाल ने भीम नगरी समिति को धन्यवाद देते हुए ताजनगरी आगरा में आने का भरोसा दिलाया है जिसे जानकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
गौरतलब है कि बीते दिन अरविंद केजरीवाल को बुलाए जाने पर भीमनगरी आयोजन समिति के दो गुटों के बीच विवाद देखने को मिला था लेकिन यह विवाद सुलझा लिया गया और दिल्ली के मुख्यमंत्री को भीम नगरी आयोजन में शामिल होने के लिए न्योता भेजा गया जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
14 अप्रैल को आगरा आ रहे अरविंद केजरीवाल को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा आज बैठक की गई। जिसमें आप पार्टी के पदाधिकारियों ने आगामी दिनों में भीमनगरी क्षेत्र का भ्रमण कर और विकास कार्य की धीमी गति को बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी व नगर निगम अधिकारियों से मिलने का फैसला लिया। ताकि आगरा में होने वाले इस ऐतिहासिक भीम नगरी के आयोजन को और भी अच्छे से संपन्न किया जा सके।
आप पार्टी आगरा प्रमुख कपिल वाजपेई ने बताया कि अरविंद केजरीवाल के आगरा आने से उनकी पार्टी के विकास की राजनीति को बल मिलेगा और पार्टी में नई जान आएगी।
इस बैठक में शिखर चतुर्वेदी, राजकुमार भारती, देवेंद्र सिंह, जे के गुप्ता, योगेश कुमार, अमित कुमार, प्रियंका शर्मा, बीना, गोपाल शर्मा, विष्णु दयाल, जगदीश राजोरिया आदि ने भाग लिया।