आगरा। ताजनगरी की महिला क्रिकेटर राशि कन्नौजिया का चयन भारतीय महिला क्रिकेट कैंप के लिए हुआ है जिसके बाद आगरा की बेटी राशि बैंगलुरू रवाना हो गई हैं। आगामी सितंबर में प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बीसीसीआई ने 30 संभावित महिला क्रिकेटर चयन किया गया। जिसमें की आगरा की महिला क्रिकेटर राशि कन्नौजिया का चयन संभावित खिलाड़ियों में किया गया है। आगरा की धरती से जुड़ी पूनम यादव और दीप्ति शर्मा पहले से ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम में खेल रही हैं।
बता दें कि, आगरा महिला क्रिकेट की प्रेरणा स्रोत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हेमलता काला, प्रीति डिमरी, पूनम यादव और दीप्ति शर्मा के बाद राशि कन्नौजिया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के संभावितों में जगह बनाई है। इससे पहले राशि कन्नौजिया भारतीय महिला ‘ए’ क्रिकेट टीम की ओर से बांग्लादेश और श्रीलंका का दौरा कर चुकी है।
आगरा के नामनेर निवासी राशि कन्नौजिया की मां राशि कन्नौजिया एक शिक्षिका हैं। पिता अशोक कनौजिया ने बताया कि, बेटी राशि कन्नौजिया लेफ्ट आर्म स्पिनर है। राशि कनौजिया उत्तर प्रदेश महिला सीनियर क्रिकेट टीम की उप कप्तान रही हैं। इसके साथ ही अंडर-23 उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम की कप्तान भी रह चुकी है। पिता अशोक कन्नौजिया का कहना है कि, यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि हमारी बेटी का चयन भारतीय महिला टीम के संभावित खिलाड़ियों में किया गया है। उनकी बेटी जल्द ही अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाएगी।
हेमलता काला व नीतू डेविड आदर्श
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के संभावित प्लेयर में चयनित राशि कन्नौजिया आगरा की शान महिला क्रिकेटर हेमलता काला और नीतू डेविड को आदर्श मानती है। राशि बैंगलुरू पहुंच चुकी है।
राशि कन्नौजिया ने कहा कि, हर प्लेयर का सपना होता है कि वह अपने देश के लिए खेलें। यह मेरे लिए एक शानदार अवसर है। कोविड-19 के बीच मैं अभी हमने काफी कठिन परिश्रम किया है। आगे मेरा लक्ष्य है कि मैं और कठिन परिश्रम जारी रखूं और अपने देश के लिए खेलूं.
क्रिकेट प्रेमियों में खुशी
राशि कन्नौजिया के चयन पर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ आगरा के अध्यक्ष पूरन डावर, सचिव प्रकाश कौशल, सर्वेश भटनागर, तपेश शर्मा, हरेंद्र शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, सुमित शर्मा, दयाशंकर राजपूत, मुदित चतुर्वेदी, सुनील शर्मा, गायत्री यादव, शिखा झींगरन एवं समस्त खेल प्रेमी और खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त किया है।