Home » आगरा पुलिस की बढ़ी मुश्किलें, पकड़ा गया जुआरी निकला कोरोना पॉजिटिव तो एक अस्थाई जेल से भागा

आगरा पुलिस की बढ़ी मुश्किलें, पकड़ा गया जुआरी निकला कोरोना पॉजिटिव तो एक अस्थाई जेल से भागा

by admin

आगरा। आगरा पुलिस की इस समय मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। छापामार कार्यवाही के दौरान पकड़े गए जुआरियों में एक कोरोना पॉजिटिव निकल आया है तो वहीं चोरी के आरोप में अस्थाई जेल में बंद एक कैदी फरार हो गया है जो कि कोरोना संक्रमित था। इन दोनों घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के होश उड़ा दिये हैं। जुआरियों को पकड़ने गयी पुलिस टीम को क्वारंटीन किया गया है तो फरार कैदी की धरपकड़ में पुलिस जुटी हुई है।

अछनेरा थाना क्षेत्र के कस्बे में स्थित राधिका रिसॉर्ट में पुलिस ने छापामार कार्यवाही कर 22 जुआरियों को पकड़ा था। थाने में रखने के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से सभी को जेल भेज दिया गया। यहां पर सभी का एंटीजन टेस्ट कराया गया।

रात को टेस्ट की रिपोर्ट मिली। इसमें न्यू आगरा क्षेत्र निवासी एक जुआरी कोरोना पॉजिटिव निकला है। एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट के बाद जुआरी को अस्थाई जेल में भी दूसरे अभियुक्तों से अलग रखा गया है। वहीं एसपी देहात पश्चिम रवि कुमार, सीओ हरीपर्वत सौरभ दीक्षित सहित 40 पुलिसकर्मियों को तीन दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है।

दूसरी ओर हरीपर्वत थाना क्षेत्र में क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज स्थित अस्थायी जेल से सोमवार सुबह कोरोना पॉजिटिव चोरी का आरोपी फरार हो गया, उसे 24 जुलाई को जेल लाया गया था। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश कर रही है। चोरी के आरोप में जेल आया युवक अस्थाई जेल से दीवार फांदकर भाग गया लेकिन वह सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया।

थाना हरीपर्वत पुलिस के मुताबिक, खंदौली के नंदलाल पुर निवासी युवक को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया था। चार अगस्त को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे अस्थायी जेल में भेज दिया। चार अगस्त को ही उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इस पर उसे अस्थायी जेल में बने अलग कमरे में रखा गया था। सोमवार सुबह वो शौच के बहाने कमरे से बाहर निकला। सुरक्षाकर्मियों से बचकर वो दीवार फांदकर बाहर भाग गया। शौच से वापस नहीं आने पर सुरक्षाकर्मियों ने तलाश की। बाद में गिनती की गई तो वो नहीं था। इस पर थाना हरीपर्वत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। 

क्वीन विक्टोरिया कॉलेज में बनी अस्थायी जेल मे एक डिप्टी जेलर, आठ बंदी रक्षक, एक प्लाटून पीएसी और होमगार्ड तैनात हैं। गेट पर पुलिस की ड्यूटी रहती है। इसके बाद भी यहां से बंदी फरार हो गया। इससे सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है।

Related Articles