आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज रफ्तार के कारण लखनऊ की ओर जा रही कार डिवाइडर से टकरा गई। यह हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इस हादसे को देखकर राहगीरों ने घटना स्थल की ओर दौड़ लगाई और क्षेत्रीय पुलिस को भी सूचित किया। इस भीषण हादसे की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस और यूपीडा मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने घायलो को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
यह हादसा शुक्रवार सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे हुआ है। बताया गया है कि कार सवार लखनऊ की ओर जा रहे थे, तभी एक्सप्रेसवे के 21 माइलस्टोन के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर होते ही चीख-पुकार मच गई।
इस भीषण हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं व एक अन्य युवक घायल हैं, जिन्हें आगरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में जान गवाने वाले दोनों ही मृतक गोमती नगर लखनऊ के बताए जा रहे हैं. मृतक सत्येंद्र पुत्र सत्यपाल, रामभवन निवासी गोमती नगर लखनऊ वहीं इस हादसे में 3 लोग घायल हो गए जिनके नाम रचना पांडे, नीतू तथा पुष्पेंद्र है। जानकारी के अनुसार ये लोग हिमाचल से घूमकर लौट रहे थे। कार काफी तेज रफ्तार से जा रही थी जो अचानक से अनियंत्रित हुई और यह हादसा हो गया।