Home » तिरंगे की रोशनी में नहाया आगरा शहर

तिरंगे की रोशनी में नहाया आगरा शहर

by pawan sharma

आगरा। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस निकल जाने के बावजूद 21 अगस्त की शाम को एक बार फिर पूरा आगरा शहर तिरंगा और देश प्रेम में डूबा नज़र आया। संजय प्लेस स्थित स्पीड कलर लैब चौराहे पर जैसे ही महापौर नवीन जैन ने बटन दबाकर पोल पर लगी एलईडी स्ट्रिप का लोकार्पण किया वैसे ही शहर के मुख्य मार्गों पर लगे लगभग 883 पोल पर सभी एलईडी स्ट्रिप लाइट जगमग हो उठीं और पूरा शहर राष्ट्रध्वज के रंग में नजर आने लगा। लोकार्पण के साथ ही कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लागाये। ऐसा लग रहा था मानो आज फिर से पूरा शहर आज़ादी का जश्न मना रहा हो।

लोकार्पण से पूर्व निगम अधिकारियों, पार्षदों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने महापौर नवीन जैन का जोरदार स्वागत किया और तिरंगे एलईडी स्ट्रिप के माध्यम से शहर को तिरंगमय करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। संबोधन की श्रृंखला में महापौर ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आगरा नगर निगम महानगर के सौन्दर्यीकरण में राष्ट्रप्रेम को भी सम्मिलित कर चुका है। महापौर नवीन जैन के निर्देशन में ग्रीन आगरा, ब्यूटीफुल आगरा योजना के तहत अगस्त माह में जहाँ महानगर के फोरलेन मार्ग अथवा चौड़ी सड़क किनारे और डिवाइडरों दस हजार पौधे ट्री गार्ड सहित लगने शुरु हो जाएंगे। वहीं शहर के दस प्रमुख मार्ग जो कि फोरलेन अथवा चौड़ी सड़क युक्त हैं उन मार्गों को 883 पोल को डैकोरेटिव पोल में बदला जा चुका है।

महापौर नवीन जैन ने कहा कि गंदगी मुक्त आगरा, अतिक्रमण मुक्त आगरा और हरियाली युक्त आगरा यही हमारा नारा है, यही हमारी राष्ट्र वंदना है और यही देशभक्ति। देशभक्ति का काम केवल सैनिकों या सरहद पर खड़े होने वालों का नहीं है बल्कि अपने शहर को साफ सुंदर, हरा-भरा और अतिक्रमण मुक्त बनाकर प्रत्येक शहरवासी भी अपनी देशभक्ति का परिचय दे सकता है और यह हम सभी की राष्ट्र सेवा भी है।

महापौर ने बताया कि डेढ़ करोड़ की लागत से महानगर के दस प्रमुख मार्ग जिन पर यातायात अधिक रहता है व मार्ग फोरलेन अथवा चौड़ी सड़क युक्त हैं और पर्यटकों का आवागमन भी रहता है, उन मार्गो को सुन्दर करने के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश देने के लिए 883 विद्युत पोल पर तिरंगी एल.ई.डी. लाईट लगाई गयी हैं।

नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने कहा कि महापौर नवीन जैन के ब्यूटीफुल आगरा अभियान के तहत इन 883 पोल पर यह तिरंगा एलइडी स्ट्रिप लगाई गई है। हमारा प्रयास रहेगा कि महानगर के सभी प्रमुख मार्गों के 1638 पोल पर तिरंगी एल.ई.डी. स्ट्रिप लगाई जाएंगी। जैसे-जैसे हमारे आर्थिक संसाधन मजबूत होते जाऐंगे वैसे-वैसे हम इस कार्य को आगे बढ़ाते रहेंगे। शुरुआत आज से हो चुकी है, हम अपनी आय बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे हमारे शहर में ऐसे राष्ट्रप्रेम और सौन्दर्यीकरण के प्रोजेक्ट निरन्तर चलते रहे।

वहीं महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे का कहना था कि नवीन जैन जब से महापौर बने हैं तब से आगरा में विकास की गंगा बही है। उन्होंने पार्षदों की ओर इंगित करते हुए कहा कि आपको बहुत बढ़िया महापौर मिला है। उनको सहयोग करते हुए आप सभी एकजुट होकर आगरा शहर के विकास के लिए काम करें तो शहर की खूबसूरती में चार चांद लग जाएंगे। विजय शिवहरे ने पूरे शहर को तिरंगामय करने के लिए महापौर को बधाई दी।

लोकार्पण के बाद सभी ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया और मिष्ठान वितरण किया।

कार्यक्रम का संचालन ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष अनिल चौधरी द्वारा किया गया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार, जलकल जीएम आर एस यादव, मुख्य अभियन्ता विद्युत एंव याॅत्रिक संजय कुमार कटियार, मुख्य अभियंता ट्रैफिक ए के सिंह, रजनीश त्यागी, बृज किशोर अग्रवाल, अनिरुद्ध भदौरिया, श्याम सलोने और पार्षदों में शरद चौहान, प्रदीप अग्रवाल, आशीष पाराशर, सविता अग्रवाल, हरि कुमारी, रवि शर्मा, अजय कठेरिया, राधिका अग्रवाल, नेहा गुप्ता, अमित ग्वाला, हरि ओम बाबा, राहुल चतुर्वेदी, राजेश प्रजापति, मोहन शर्मा, वर्षा शर्मा, सुषमा जैन, धर्मवीर, शिरोमणि सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Comment