आगरा। 24 मई को कोरोना संक्रमित के 6 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद आगरा में कोरोना संक्रमित की संख्या 857 हो गयी है। आज कोरोना के लगभग 25 मरीज ठीक हुए हैं जिन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 747 हो गयी है। अब 77 कोरोना संक्रमित मरीज हैं जिनका ईलाज़ चल रहा है।
आज आये कोरोना संक्रमित के मामलों में एक निजी अस्पताल में भर्ती 57 साल की मधु नगर की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर भर्ती किया गया था। सिविल लाइंस निवासी 37 साल के मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। एसएन के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मधु नगर निवासी 45 साल की महिला मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बल्केश्वर निवासी 56 साल के मरीज, मलपुरा निवासी 76 साल की बुजुर्ग महिला, शाहगंज निवासी 50 साल के मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। इस तरह छह नए केस आए हैं।
रविवार को 25 और मरीज डिस्चार्ज कर दिए गए। अब हिंदुस्तान कॉलेज में भी बहुत कम मरीज रह गए हैं। अधिकांश मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। इस तरह आगरा में कोरोना के 87 फीसद मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
वहीं अब तक 33 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया जा रहा है, इसके साथ ही कंटेनमेंट जोन की संख्या भी कम हो रही है। 31 हॉटस्पॉट बंद कर दिए गए हैं, अब 36 हॉटस्पॉट रह गए हैं।