Home » झगड़े के बाद महिला सिपाही और पति ने खाया विषाक्त पदार्थ, परिवार में मचा हड़कंप

झगड़े के बाद महिला सिपाही और पति ने खाया विषाक्त पदार्थ, परिवार में मचा हड़कंप

by admin
After the quarrel, the female soldier and husband ate toxic substances, there was a stir in the family

फिरोजाबाद। महिला सिपाही और उसके पति ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इस घटना से पुलिस महकमे और पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है जहाँ दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि महिला का नाम पूनम राजपूत है जो महिला कांस्टेबल है। उसकी तैनाती सिरसागंज थाने में है जबकि पति नीतेंद्र कुमार प्राइवेट नौकरी करता था। लॉकडाउन में उसकी नौकरी छूट गई थी। नौकरी छूटने के बाद नीतेंद्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सिरसागंज थाना क्षेत्र में फायर स्टेशन के समीप बने सरकारी आवास में रहता था। नीतेंद्र मूलरुप से मैनपुरी जिले का रहने वाला है। गुरुवार को पूनम के बेटे का जन्मदिन था। वह अपने पति और बच्चों के साथ मैनपुरी ससुराल गई थी। शुक्रवार शाम को वापस आई। शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस बीच नीतेंद्र ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।

पति के बाद पत्नी ने भी खाया विषाक्त पदार्थ

बच्चों द्वारा शोरगुल करने पर पूनम को इसकी जानकारी हो सकी। पूनम ने भी विषाक्त पदार्थ खा लिया। घर में चीख-पुकार मचने पर आसपास रहने वाले पुलिसकर्मी पहुंच गए। पति-पत्नी को बेहोश देख उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पति-पत्नी को सरकारी ट्रामा सेंटर भेज दिया। उनकी हालत गंभीर होने पर निजी ट्रामा सेंटर ले गए। सीओ सिरसागंज कमलेश सिंह का कहना है कि महिला कांस्टेबल और उसके पति ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। दोनों का उपचार चल रहा है। घटना का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।

सीआर में चल रही थी ड्यूटी

थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार चौहान ने बताया कि पूनम राजपूत की तैनाती सिरसागंज थाने में है लेकिन उनकी वर्तमान में सीआर में ड्यूटी चल रही थी। वह पुलिस लाइन से ही अवकाश लेकर गई थी। घटना के पीछे गृह क्लेश हो सकता है।

Related Articles