आगरा। नगर निगम परिसर में पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने को लेकर विधायक जगन प्रसाद गर्ग मैदान में थे और उनके पत्र से प्रशासन में घमासान मचा हुआ है लेकिन इसी बीच सांसद बाबूलाल चौधरी भी मैदान में उतर आये है। सोमवार को सांसद बाबूलाल चौधरी की ओर से बयान जारी किया गया और निगम परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगने पर अपना पक्ष रखा। सांसद बाबूलाल चौधरी का कहना था कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने हमेशा आमजन की सेवा की और वो सभी के प्रेरणा स्रोत भी हैं।
सांसद चौधरी बाबूलाल का कहना था कि प्रदेश और केन्द्र में भाजपा की सरकार है। पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी ने पार्टी के लिये अपना सर्वस्व जीवन को बलिदान कर दिया। आज उन्हीं के जीवन समर्पण की वजह से हम यहां तक पहुंचे हैं। जो लोग अपनी सरकार में उनकी प्रतिमा लगने का विरोध कर रहे है वो अवसरवादी है।
सांसद चौधरी बाबूलाल ने यहाँ तक कहा कि अगर प्रशासन निगम परिसर में मूर्ति लगवाने में असमर्थता व्यक्त करता है तो भाजपाई अपने खर्चे पर नगर निगम में उनकी भव्य प्रतिमा लगवायेगें। जो इसका विरोध करेगा उसको उसकी भाषा में जवाब भी देंगें। उनकी उनकी प्रतिमा लगने से कोई नहीं रोक सकता। इस सम्बन्ध में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मूर्ति हर हाल में लगेगी।