Agra. एक परिवार अपने पड़ौसी के कुत्तों से काफी परेशान है। सीढ़ियों पर कुत्तों के छोड़ देने से पीड़ित को अपने फ्लैट में जाने से डर लगता है और आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। परिवार भी कुत्तों के कारण डर के माहौल में रहता है। पीड़ित ने इस मामले में अपने क्षेत्रीय थाने में तहरीर देकर पड़ौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी का है। कॉलोनी निवासी वीरेश यादव ने मुकदमा दर्ज कराते हुए तहरीर में लिखा है कि वह डुप्लेक्स के भूतल और प्रथम तल पर रहते हैं। द्वितीय तल पर विजेंद्र सिंह और मनमीत रहते हैं। उन्होंने दो कुत्ते पाल रखे हैं। आरोप लगाया कि कुत्तों को पालने के पीछे उनकी साजिश है। यह कुत्ते छत और सीढ़ियों पर खुले रखे जाते हैं, जिससे वो छत और अपने फ्लैट में नहीं जा सकें।
पड़ोसी पर मारपीट करने का आरोप
वीरेश ने इसकी शिकायत कई बार देखरेख करने वाली कंपनी और पंचवटी रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन से की। चार दिसंबर 2021 को पड़ोसी से इस बारे में कहा था। मगर, उन्होंने मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत एसएसपी से 28 दिसंबर 2021 को की।
कार चालक को कुत्ते ने काटा
वीरेश का कहना है कि 31 दिसंबर को पड़ोसी ने अपने कुत्तों को सीढ़ियों पर छोड़ दिया था। उस समय उनके ऑफिस जाने का समय हो रहा था। उनका कार चालक प्रमोद उनको लेने आया था। तभी उसे और एक अन्य को कुत्ते ने काट लिया। इस घटना के बाद से वीरेश का परिवार दहशत में है। वह घर से नहीं निकल पा रहे हैं। पीड़ित ने कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इस मामले में थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि विजेंद्र सिंह और मनमीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी। दोनों का कहना है कि वह अपनी सुरक्षा के लिए कुत्ते पालते हैं। छत और फ्लैट में आने जाने से वो क्यों रोकेंगे।