Agra. निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भी कमर कस ली है। कांग्रेस पार्टी ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का मन बना लिया है लेकिन निकाय चुनाव को लेकर शहर और जिला संगठन कितना मजबूत है इसकी नींव टटोलने के लिए कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित मंगलवार को आगरा पहुंचे।
उन्होंने छीपीटोला स्थित अंबेडकर सामुदायिक भवन में जिला और शहर संगठन के कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों के साथ-साथ वरिष्ठ कांग्रेसियों के साथ बैठक की और निकाय चुनाव को लेकर मंथन भी किया गया।
प्रांतीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आगरा आये योगेश दीक्षित संगठन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर काफी उत्साहित नजर आए। उनके चेहरे पर अलग ही खुशी देखने को मिली। इस दौरान पत्रकारों से रूबरू हुए उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। परिसीमन और वार्ड आरक्षण की घोषणा जैसे ही हो जाएगी। प्रत्याशियों की भी घोषणा होने लगेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार निकाय चुनाव में उनकी पार्टी के प्रत्याशी भाजपा के दांत खट्टे कर देगी।
प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित ने कहा कि इस समय कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। गुजरात और हिमाचल पर तो रैलियां भी शुरू हो गई है जिसमें कांग्रेस पूरी तरह से अपना दमखम दिखा रही है। योगेश दीक्षित ने कहा कि इन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को अपनी मुंह की खानी पड़ेगी। इसीलिए तो हिमाचल प्रदेश महत्व चुनावी रैलियां करने से पीएम नरेंद्र मोदी कतरा रहे हैं।
राहुल गांधी द्वारा आयोजित भारत जोड़ो रैली आयोजन को लेकर पूछे गए सवाल पर योगेश दीक्षित का कहना था कि इस रैली के माध्यम से राहुल गांधी पूरे देश में भ्रमण कर रहे हैं। विपक्षी पार्टियों की पोल खोली जा रही है तो कांग्रेस की नीतियों से रूबरू कराते हुए आम व्यक्ति की मूलभूत समस्याओं को भी जान रहे हैं। इस रैली को आम जनमानस का पूरा समर्थन भी मिल रहा है।