Home » Booster Dose : आगरा में आज से प्रिकॉशन डोज़ लगाना शुरू, सबसे पहले डॉ. राजेंद्र अरोड़ा को दी गयी डोज़

Booster Dose : आगरा में आज से प्रिकॉशन डोज़ लगाना शुरू, सबसे पहले डॉ. राजेंद्र अरोड़ा को दी गयी डोज़

by admin
Booster Dose: Precaution dosage started in Agra from today, first dose given to Dr. Rajendra Arora

आगरा। देश में कोरोना (Corona) के बढ़ते मामलों को देखते हुए बच्चो के साथ-साथ आज से बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मियों-फ्रंटलाइन वर्कर्स को ‘प्रिकॉशन डोज’ (बूस्टर डोज़) देने के अभियान की शुरुआत हो गई है। जिला अस्पताल में इस अभियान के शुरू होते ही सबसे पहली प्रिकॉशन डोज चिकित्सक राजेंद्र अरोड़ा को लगाई गई। प्रिकॉशन डोज लगने से फ्रंटलाइन वर्कर चिकित्सक राजेंद्र अरोड़ा काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग को धन्यवाद भी ज्ञापित किया। सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले चरण में जो स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 60 साल या उससे ज्यादा की उम्र के लोग हैं, उनके लिए प्रिकॉशन डोज लगाई जा रही है।

सुबह 9:30 बजे शुरु हुआ अभियान

आगरा जिला अस्पताल में प्रिकॉशन डोज लगाने का कार्य सुबह 9:30 से शुरू हो गया। जैसे ही पोर्टल खुला सबसे पहले चिकित्सक राजेंद्र अरोड़ा को प्रिकॉशन डोज लगाई गई। उसके बाद एक पुलिसकर्मी को यह डोज लगी। प्रिकॉशन डोज लगवाने वाले पुलिस कर्मी हरी सिंह ने बताया कि उसके फोन पर प्रिकॉशन डोज के लिए मैसेज आया था। प्रिकॉशन डोज लगने से संक्रमण की चपेट में आने का खतरा कम रहेगा।

वहीं जिला अस्पताल में पहली बूस्टर डोज लगवाने वाले डॉक्टर राजेंद्र अरोरा बूस्टर डोज के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। उनका कहना है कि इस डोज़ का वह काफी समय से इंतजार कर रहे थे। आज यह इंतजार खत्म हो गया है। यह डोज़ काफी समय पहले लग जानी चाहिए थी लेकिन सरकार ने अब इस अभियान की शुरुआत की है।

प्रीकॉशन डोज है बूस्टर डोज

बूस्टर डोज (Booster Dose) के लिए कोविन एप (Cowin App) पर शनिवार से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए थे। दरअसल तीसरी प्रीकॉशन डोज (Precuation Dose) उन स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 60 वर्ष या उससे ज्यादा की उम्र के बीमार लोगों के लगनी है, जिन्हें कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगे 9 महीने से ज्यादा समय बीत चुका है।

जिले में 27115 फ्रंट लाइन वर्कर है

कोविन पोर्टल के मुताबिक आगरा में हेल्थ केयर वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स की संख्या 27115 है। पहले चरण में इन्हीं लोगों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन सभी लोगों को मोबाइल पर मैसेज भेजा जा रहा है जिससे यह फ्रंटलाइन वर्कर अपनी बूस्टर डोज लगवा सकें।

580 केंद्रों पर लगेगी बूस्टर डोज

सीएमओ के अनुसार आगरा जिले में कोरोना का टीका लगाए जाने के लिए 611 केंद्र बनाए गए हैं लेकिन अभी 580 केंद्रों पर बूस्टर डोज लगाए जाने की शुरुआत हुई है। इन केंद्रों पर ही फ्रंटलाइन वर्कर्स को बूस्टर डोज लगाई जाएगी।

Related Articles