Agra. बसपा से दो बार विधायक रह चुके ठाकुर सूरज पाल ने राजनैतिक पाला बदल लिया है। पूर्व विधायक ठाकुर सूरजपाल ने हाथी की सवारी छोड़कर कांग्रेस के हाथ से हाथ मिलाया था लेकिन एक बार फिर इस पूर्व विधायक ने पाला बदला और अब केसरिया झंडा उठाकर भाजपा का दामन थाम लिया है। पूर्व विधायक सूरजपाल ने रविवार को लखनऊ में भाजपा पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ साथ भाजपा अपना कुनबा भी बढ़ाने में जुटी हुई है। दूसरे दलों में सेंध लगाई जा रही है तो दूसरे दलों से आने वालों को भी भाजपा स्वीकार कर उन्हें अपने कुनबे में शामिल कर रही है।
फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2007 और 2012 में बसपा से विधानसभा चुनाव जीतने वाले ठाकुर सूरज पाल ने वर्ष 2019 में नीले खेमे को छोड़ दिया था। वे फतेहपुर सीकरी से लोकसभा का टिकट मांग रहे थे लेकिन बसपा ने गुड्डू पंडित को मैदान में उतार दिया था। उनका कहना था कि पार्टी के समर्पित सिपाही के रूप में काम करने के बाद भी बाहरी व्यक्ति को थोपना उचित नहीं है। इसके बाद वे कांग्रेस नेता राजबब्बर के समर्थन में आ गए थे लेकिन उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता नहीं लेने का दावा किया था। लोकसभा चुनाव के बाद उनके कई बार फिर से बसपाई होने की चर्चाएं चली थीं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गत सप्ताह से उनकी फिर से हाथी पर सवार हाेने की चर्चा थी तो वे लंबे समय से भाजपा के संपर्क में भी थे।
रविवार को लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पूर्व विधायक सूरजपाल को पार्टी में शामिल किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व विधायक को पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई और भाजपा कुनबे में शामिल किया। पूर्व विधायक ठाकुर सूरजपाल के सदस्यता ग्रहण करने के बाद भाजपा के जनप्रतिनिधियों में हलचल तेज हो गई है।