Home » चूल्हे की चिंगारी से खाना बनाते समय झोपड़ी में लगी आग, सामान जलकर राख, लगाई मदद की गुहार

चूल्हे की चिंगारी से खाना बनाते समय झोपड़ी में लगी आग, सामान जलकर राख, लगाई मदद की गुहार

by admin
A fire broke out in the hut while cooking with the spark of the stove, the goods burnt to ashes, pleaded for help

जैतपुर। थाना चित्राहाट क्षेत्र के अंतर्गत कचौरा घाट गांव में चूल्हे पर खाना बनाते समय उठी चिंगारी से वृद्ध महिला की झोपड़ी में आग लग गई जिससे सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। पीड़िता ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार लज्जावती पत्नी जय नारायण सिंह निवासी गांव कचौरा घाट अपने विकलांग पुत्र एवं दो नाती सहित पति के साथ गांव के ही पास पड़ी झोपड़ी में रहते हैं। पति जय नारायण सिंह बीमार रहते हैं। रविवार को महिला झोपड़ी के पास चूल्हे पर खाना बना रही थी। उसी समय उठी चिंगारी से अचानक झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटों को उठता देख महिला ने झोपड़ी में लेटे तत्काल अपने दोनों नाती को झोपड़ी से बाहर निकाला।

भीषण आग के चलते झोपड़ी में रखा खाने पीने का सामान सहित हजारों का अन्य सामान जलकर राख हो गया। एकत्रित हुए ग्रामीणों ने बमुश्किल पानी डालकर आग पर काबू पाया। महिला लज्जावती ने बताया कि बड़ा बेटा उससे अलग रहता है, छोटा बेटा विकलांग है पति बीमार रहते हैं। घर का खर्चा बमुश्किल चल पाता है और वह आर्थिक तंगी से जूझ रही है। रहने के लिए झोपड़ी का आशियाना बनाया था वह भी आग से जलकर राख हो गया। अब खाने-पीने का सामान कपड़े, नगदी अनाज सब जलकर राख हो गया। खाने-पीने तक को कुछ भी नहीं बचा है जिससे अब आर्थिक संकट पैदा होगा। महिला ने प्रशासन से आर्थिक सहायता को मदद की गुहार लगाई है।

गांव के ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह राजपूत ने मौके पर पहुंचे और पुलिस एवं राजस्व कर्मचारियों को घटना के बारे में बताया। जिस पर पुलिस एवं राजस्व कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

Related Articles