Agra. कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के आव्हान पर भारत बंद का समर्थन करने के लिए सपा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। सपाइयों ने संजय पैलेस से जिला मुख्यालय की ओर कूच किया। भारी संख्या में सपाइयों को सड़क पर देख पुलिस हरकत में आई और हरिपर्वत पर घेरा बनाकर रोक लिया। इस दौरन सपाइयों ने जमकर हंगामा काटा और कृषि कानूनों का जमकर विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। सपा के उग्र को देखते हुए पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को बंदी बना लिया और हरिपर्वत थाने ले आई।

इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रामजी लाल सुमन ने इसे योगी सरकार की तानाशाही बताया और कहा कि विगत 10 माह से देश के किसान आंदोलन कर रहे हैं लेकिन किसानों के साथ केंद्र सरकार लगातार अन्याय कर रही है। सैकड़ों किसानों ने आत्महत्या कर ल, शहीद हो गए लेकिन मोदी की सरकार व्यापारियों, उद्योग घरानों के हित साधने में लगी है। सरकार को समझना चाहिए कि कोरोना जैसी भयंकर बीमारी के चलते पूरे देश का कारोबार बंद हो गया था, उस समय देश के अन्नदाता ने ही जनता का पेट भरने के लिए श्रम करने का काम किया था। दुनिया की कोई समस्या ऐसी नहीं है जिसका निराकरण बातचीत के जरिए संभव न हो सके। आज किसानों के संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। समाजवादी पार्टी पूरी तरह किसानों के साथ है और अपना समर्थन व्यक्त करने हेतु पार्टी आगरा की सड़कों पर उतरी है।
रामजीलाल सुमन ने कहा कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानून बनाने का काम नहीं करती क्योंकि सरकार की नीयत ठीक नहीं है। सपा के प्रदेश सचिव अवनींद्र यादव ने कहा किसानों का साथ देना समाजवादी पार्टी अपना कर्तव्य समझती है।

सपा के जिला अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने कहा समाजवादी पार्टी हर प्रकार के अन्याय के खिलाफ है। किसानों के साथ न्याय हो, उसी भावना के साथ हम संघर्ष कर रहे हैं। सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार ने कहा समाजवादियों को कोई झुका नहीं सकता और ना ही शांत कर सकता है। किसानों के साथ जब तक न्याय नहीं हो जाता, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। सैकड़ों की संख्या में भारत बंद के समर्थन में नारे लगाते हुए सपाई निकले और हरीपर्वत पुलिस ने हिरासत में ले लिया।