आगरा जनपद के कस्बा पिनाहट क्षेत्र से 3 दिन पूर्व क्लीनिक संचालक डॉक्टर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। क्लीनिक संचालक के देर घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाना पिनाहट में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने लापता क्लीनिक संचालक डॉक्टर को राजस्थान के जिला करौली क्षेत्र से बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव अरनोटा निवासी होरम सिंह वर्मा पुत्र बदन सिंह वर्मा उम्र करीब 36 वर्ष कस्बा पिनाहट के अंबेडकर तिराहे पर सरकारी हॉस्पिटल वाली गली में क्लीनिक चलाते हैं। 3 दिन पूर्व क्लीनिक संचालक डॉक्टर घर से अपना क्लीनिक खोलने आए थे और संदिग्ध परिस्थितियों में रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए डॉक्टर की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं पुलिस को खोजबीन के दौरान पिनाहट चंबल नहर पंप हाउस के पास बाइक खड़ी मिली थी।
पुलिस थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लापता हुए डॉक्टर की क्रमबद्ध तरीके से कड़ी जोड़ते हुए छानबीन शुरू कर दी। सोमवार को पिनाहट पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लापता क्लीनिक संचालक होरम सिंह वर्मा को राजस्थान के जिला करौली क्षेत्र के थाना मंडरायल स्थित अग्रवाल धर्मशाला से सकुशल बरामद किया। जहां पर क्लीनिक संचालक डॉक्टर छुपकर रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में डॉक्टर होराम ने बताया कि वह मानसिक तनाव के चलते परिजनों को बिना बताए लापता हो गए थे। पुलिस की माने तो लापता डॉक्टर के आगरा की किसी महिला के संपर्क बताए गए हैं जिससे लापता डॉक्टर फोन से संपर्क में था। पुलिस कड़ी जोड़ते हुए सर्विलांस के जरिए जांच में महिला तक पहुंची। जहां महिला से पूछताछ के बाद पुलिस लापता क्लीनिक संचालक तक राजस्थान पहुंची और डॉक्टर को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने सोमवार देर शाम विधिक कार्रवाई के बाद क्लीनिक संचालक डॉक्टर को समझाते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
वहीं इस मामले में सीओ पिनाहट संजय रेड्डी का कहना है कि लापता क्लीनिक संचालक को पुलिस ने राजस्थान के जिला करौली क्षेत्र के मंडरायल एक धर्मशाला से सकुशल बरामद कर लिया है। डॉक्टर ने मानसिक तनाव की बात बताई है। कार्रवाई के बाद डॉक्टर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।