Agra. आगरा के ताज विलास होटल में भाजपा की संगठनात्मक बैठक का सत्र संपन्न हुआ। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों को विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए जीत का मंत्र दिया। यह मंत्र था कि अपने “बूथ को मजबूत बनाओ और अधिक से अधिक रात्रि प्रवास” कर संगठन को मजबूत करो। इन्हीं दोनों कार्यों से पार्टी को विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिलेगी। संगठन से जो भी निर्देश व कार्यक्रम मिले उन्हें धरातल पर उतारना है।
संबोधन के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही जन कल्याण योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने और उनके प्रचार प्रसार पर भी जोर दिया जिससे आम जनमानस पार्टी की जनहित नीतियों को समझ सके और पार्टी से जुड़ सकें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज में हुए विकास कार्यों को सभी के सामने रखा। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी फिरोजाबाद और एटा में बन रहे मेडिकल कॉलेज, आगरा में प्रस्तावित छत्रपति शिवाजी महाराज का म्यूजियम आदि विषयों की ओर भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यह विकास का आगरा के साथ-साथ ब्रज में मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बूथ की मजबूती और संगठन के प्रस्तावित कार्यक्रमों को उत्साह के साथ करने के निर्देश दिए।

आगरा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन का कहना था कि आज होटल ताज विलास में भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई है। बैठक में चुनाव को लेकर चर्चाएं हुई है। जिस तरह से केंद्र की जीत का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर निकलता है वैसे ही उत्तर प्रदेश की जीत का रास्ता ब्रज क्षेत्र से होकर निकलता है। ब्रज क्षेत्र में लगभग 19 जिले है और 65 विधानसभाएं है। इन विधानसभाओं में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच आपसी भेदभाव को खत्म कर बूथ को मजबूत बनाना है।
उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश मंत्री और मथुरा प्रभारी विजय शिवहरे का कहना था कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से रात्रि प्रवास और बूथ को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले और जिले के अंदर मंडल में कार्यकर्ता और पदाधिकारी का रात्रि प्रवास अत्यधिक आवश्यक है। जिससे एक कार्यकर्ता और आम व्यक्ति भाजपा की करनी को समझ सके। इतना ही नहीं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया है।
इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सह प्रभारी संजीव, राज्य सभा सांसद अनिल जैन, प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी आदि बैठक में शामिल हुए हैं।