Agra. टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है तो वहीं विभिन्न शहरों में खिलाड़ियों द्वारा जश्न मनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कांस्य पदक जीतने और महिला हॉकी टीम के बेहतरीन प्रदर्शन से उत्साहित आगरा हॉकी टीम ने भी एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सभी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाया।
सभी खिलाड़ी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर ढोल नगाड़ों के साथ नाचते झूमते हुए दिखाई दिए। हाथों में राष्ट्र ध्वज लिए खिलाड़ी भारत जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे तो वहीं ओलंपिक में और भी ज्यादा पदक आने के लिए दुआओं का दौर भी चल रहा था। खिलाड़ियों का कहना था कि 41 साल बाद ओलंपिक में भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी में पदक ना मिलने का सूखा समाप्त हुआ है।
![Players celebrate at Eklavya Stadium on the spectacular performance of Indian Hockey team in Tokyo Olympics](https://moonbreaking.com/wp-content/uploads/2021/08/IMG-20210807-WA0013-1-1024x562.jpg)
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आगरा मनकामेश्वर महंत योगेश्वरी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने ओलंपिक में अपने बेहतर खेल प्रदर्शन से देशवासियों का दिल जीता है, उससे भारत में हॉकी खेल को लेकर खिलाड़ियों में एक नई सोच जागृत हुई है। क्रिकेट के साथ साथ अब खिलाड़ी हॉकी की तरफ भी अपना रुझान कर रहे हैं।
हॉकी प्लेयर मोहम्मद सलीम ने कहा कि आज पूरे देश को हॉकी टीम पर गर्व है। पुरुष टीम ने कांस्य पदक हासिल किया तो महिला टीम ने अपने प्रदर्शन से देशवासियों का दिल जीत लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार से भी स्पोर्ट्स कोटे को बढ़ाए जाने की बात कही। उनका कहना था कि अगर खिलाड़ियों को बेहतर के प्रदर्शन के लिए मदद नहीं की जाएगी तो खिलाड़ी कैसे अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखा सकेंगे। अगर हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल की आवश्यकता है तो खिलाड़ी को अपने बेहतर खेल प्रदर्शन करने के लिए सभी सुविधाएं मुहैया करानी होगी।