Home » Love Triangle में हुई थी पूनम की हत्या, चोरी की सिम से ऐसे खुला राज

Love Triangle में हुई थी पूनम की हत्या, चोरी की सिम से ऐसे खुला राज

by admin
Poonam was killed in Love Triangle, such secret revealed from stolen sim

Agra. कस्बा शमसाबाद में तीन दिन पहले हुई युवती पूनम की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस हत्या के मामले में मृतका की सहेली अंजली और उसके प्रेमी अर्जुन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रेमी अर्जुन से प्यार करने की सजा देने के लिए उसकी सहेली और हत्यारोपी अर्जुन की प्रेमिका ने अंजली ने उसकी हत्या कराई थी। घटना वाले दिन दोनों ने उसे बहाने से बुलाया और खेत में गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

घटना 21 दिसंबर की है। शमसाबाद के बड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय पूनम पुत्री ईश्वरी प्रसाद का शव कस्बा में ही एक खेत में पड़ा हुआ मिला था। युवती की हत्या गला रेतकर की गई थी। मृतका की पहचान होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। इस जांच में अर्जुन शर्मा उर्फ अर्जुन पंडित निवासी मोहल्ला गोपालपुरा, शमसाबाद और अंजली सिकरवार निवासी बड़ा गांव के नाम सामने आए और हिरासत में लेने के बाद सख्ती से पूछताछ होने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि अंजली और अर्जुन के दो साल से प्रेम संबंध थे। वहीं पूनम अंजली की दोस्त थी। दोनों एक ही गांव की रहने वाली हैं। अंजली के प्रेम संबंध के दौरान पूनम की मुलाकात भी अर्जुन से हो गई। पूनम को भी अर्जुन से प्यार हो गया। इसका पता अंजली को चल गया। इस बात को लेकर अर्जुन और अंजली के बीच झगड़ा होने लगा। पूनम भी उससे दोस्ती नहीं तोड़ना चाहती थी। इस पर बात पर दोनों सहेलियों के बीच झगड़ा होने लगा।

अंजली को लगा कि अर्जुन उसे धोखा दे रहा है। इस बारे में उसने प्रेमी से बात की। इस पर अर्जुन ने पूनम से प्यार करने की बात से इनकार कर दिया। यह भी कहा कि वह पूनम से मना कर चुका है। मगर, वह बार-बार बात करती है। इस पर अंजली ने शर्त रख दी कि अगर, उसे नहीं चाहते हो तो रास्ते से हटा दो। अंजली की शर्त पर अर्जुन तैयार हो गया।

षड्यंत्र के तहत अंजली और अर्जुन ने पूनम को एसएस डिग्री कॉलेज के पास सुनसान जगह पर बुलाया। उसे बुलाने के के लिए अर्जुन ने ग्राहक के चोरी किए हुए सिम के नंबर से कॉल किया था। पूनम के आते ही बात करने लगे। अचानक ही उसकी छुरी से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में झाड़ियों में छिपा दिया। पूनम के फोन से सिम निकालकर तोड़ दिया। अर्जुन ने उसका मोबाइल अपने पास रख लिया। अंजली शव को जलाकर सुबूत मिटाना चाहती थी। अर्जुन ने रात में शव जलाने पर खेतों में सो रहे लोगों को पता चलने के बारे में कहा। इस पर दोनों शव छोड़कर चले गए। दूसरे दिन लाश देखने भी आए थे।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पूर्वी वेंकट अशोक ने बताया कि पूनम हत्याकांड में अर्जुन निवासी मोहल्ला गोपालपुरा, शमसाबाद और अंजली सिकरवार निवासी बड़ा गांव, शमसाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान पूनम के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली। इसमें एक मोबाइल नंबर मिला। इस नंबर पर युवती की हत्या से पहले बात हुई थी। इसी नंबर से पुलिस को हत्यारोपियों का सुराग मिल गया। यह मोबाइल नंबर शमसाबाद के एक गांव के रहने वाले युवक का निकला। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी सिम 10 दिसंबर को कार धुलाई सेंटर पर खो गई थी। पुलिस ने कार धुलाई का काम करने वाले शमसाबाद निवासी अर्जुन शर्मा को पकड़ लिया। उसकी कॉल डिटेल खंगाली गई तो पता चला कि उसकी पूनम से फोन पर बात होती थी। इसके बाद पुलिस ने अर्जुन से सख्ती से पूछताछ की। उसने पुलिस के सामने सारा राज उगल दिया।

Related Articles