उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए अब राजनैतिक पार्टियां अपनी तैयारियां शुरू कर चुकी हैं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी अब एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। किसान आंदोलन को लेकर सपा ने सड़क पर उतरकर समर्थन दिया तो वहीं अब सोशल मीडिया पर एक स्टेटमेंट जारी कर राजनीतिक दांव खेलना शुरू कर दिया है। बता दें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में अखिलेश यादव निर्माणाधीन संग्रहालय में चहलकदमी करते हुए नजर आ रहे हैं।
बताते चलें कि सितंबर 2020 में योगी सरकार ने आगरा में सपा सरकार के समय शुरू किए गए मुगल संग्रहालय का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम कर दिया था। अखिलेश यादव द्वारा ट्विटर के माध्यम से उनके म्यूजियम दौरे की फोटो शेयर करने के साथ-साथ एक स्टेटमेंट लिख कर दिया गया है जिसे सपा द्वारा उनकी सरकार आने पर साकार करने का वादा किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने म्यूज़ियम का दौरा किया और ट्विटर के माध्यम से इस बात का ऐलान किया कि “आगरा में सपा के समय शुरू हुआ मुगल म्यूजियम सपा सरकार आने पर राष्ट्रीय एकता एवं बहुधर्मी साझी विरासत के नाम से जाना जाएगा। आने वाले समय में सपा इसमें महाराज अग्रसेन, राजमाता जीजाबाई, छत्रपति शिवाजी महाराज व शहीद भगत सिंह जी की प्रतिमा ससम्मान लगवाएगी।”
सोशल मीडिया पर दिए गए इस स्टेटमेंट के बाद माना जा रहा है कि अखिलेश यादव ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आगरा की धरती से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शंखनाद कर दिया है। गौरतलब है कि सपा और बसपा आगरा की धरती को शुभ मानते हुए हमेशा से ही यहां से चुनाव लड़ने की जंग शुरू करती है।