आगरा। बुधवार देर शाम को कमलानगर में अपराधियों द्वारा युवा व्यापारी ललित काठ पाल की हत्या किये जाने से कांग्रेसियों में रोष व्याप्त है। गुरुवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने मृतक के परिजनों से पोस्टमार्टम गृह पर मुलाकात की।इस दौरान कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवार से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और इस पूरी घटना की जानकारी ली। कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवार को हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया।
वरिष्ठ कांग्रेसी भारत भूषण गप्पी का कहना था कि इस समय आगरा के साथ प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। आए दिन बेटियों के साथ बलात्कार व हत्या, व्यापारियों के साथ लूटपाट व हत्या की घटनाएं आम हो गयी है। मोदी व योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कलयुग में मोदी-योगी सरकार ने रामराज्य के स्थान पर गुंडा राज्य स्थापित कर दिया है। इसलिए आम व्यक्ति के साथ, महिलाएं व व्यापारी अब किसी भी समय सुरक्षित नहीं है। प्रदेश अपराधियों के लिए सुरक्षित शरण स्थली बन चुका है, और योगी जी सत्ता के मद में चूर होकर प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल रहे हैं।
कांग्रेसियों ने मृतक व्यापारी के परिजनों से मुलाकात के बाद बताया कि कितने आश्चर्य की बात है कि मोटर साइकिल पर तीन बदमाश आते हैं और मात्र 1500 रुपए की लूट के लिए एक होनहार युवा व्यापारी को मौत के घाट उतार देते हैं, इससे ज्यादा प्रदेश में बढ़ते हुए अपराधों के बारे में व्याख्या नहीं की जा सकती है।
कांग्रेसियों ने योगी सरकार से त्यागपत्र की मांग करते हुए कहा कि उनको नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है, क्योंकि जिस प्रकार से प्रदेश में अपराधी लोग रोजाना अपराध घटित करके सत्ता को खुली चुनौती दे रहे हैं, उससे आपके नकली रामराज्य की पोल खुल चुकी है।
प्रतिनिधि मंडल में शहर कांग्रेस के भारत भूषण के अलावा पार्षद व शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ शिरोमणि सिंह, पूर्व पार्षद गोपाल गुरु, प्रवक्ता आई डी श्रीवास्तव, सोनू अग्रवाल आदि शामिल रहे।