Home » ‘विधान परिषद चुनाव में इतिहास रचने के साथ ही पंचायत चुनाव लड़ेगी भाजपा’ – सुनील बंसल

‘विधान परिषद चुनाव में इतिहास रचने के साथ ही पंचायत चुनाव लड़ेगी भाजपा’ – सुनील बंसल

by admin

आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित SNJ गोल्ड कन्वेंशन सेंटर में स्नातक एवम शिक्षक विधान परिषद चुनाव में लगे भाजपा पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक के दौरान उन्होंने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा पहली बार स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव की सभी 11 सीटों पर पूर्ण तैयारी के साथ चुनाव लड़ रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस बार मेहनत और कुशलता से 70 फ़ीसदी वोटर बनाए हैं। अब भाजपा पंचायत चुनाव भी लड़ेगी। भाजपा के 80 हजार कार्यकर्ता पंचायत चुनाव लड़ेंगे।

प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि खंड स्नातक व शिक्षक विधान परिषद के चुनाव में भाजपा इतिहास रचेगी। विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का प्रथम चरण पूर्ण हो गया है और दूसरे चरण का पहला भाग भी आज पूर्ण हो गया। अब 26 मार्च से 1 अप्रैल तक भाजपा स्नातक व शिक्षक वोटर लिस्ट के मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क व संवाद करेंगी। सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि प्रत्येक मतदाता तक पहुंचे।

प्रदेश महामंत्री और बृजक्षेत्र प्रभारी गोविंद नारायन शुक्ला ने खण्ड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन में सफलता के टिप्स पदाधिकारियों को दिये। क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह ने उपस्थित पदाधिकारियों का परिचय दिया, अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने की।

बैठक में सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, शिक्षक विधानपरिषद प्रत्याशी दिनेश वशिष्ठ, स्नातक खण्ड प्रत्याशी मानवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक रामप्रताप सिंह चौहान, महेश गोयल, सभी जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष मौजूद रहे।

Related Articles