आगरा। नियमों को ताक पर रखकर दीवानी चौराहा स्थित भारत माता की मूर्ति के सामने चल रहे मॉडल वाइन शॉप मामले में जिला प्रशासन की आखिरकार नींद टूट ही गयी है। जिला अधिकारी एनजी रवि कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अबकारी विभाग को मॉडल शॉप पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिला अधिकारी एनजी रवि कुमार से मिले निर्देश पर आबकारी में भी हड़कम्प मच गया। आनन फानन में आबकारी विभाग के अधिकारी अपने दलबल के साथ इस मॉडल शॉप पर पहुँच गए और अपनी कार्यवाही को अंजाम देकर इस मॉडल शॉप पर ताला लगा दिया है। इस कार्यवाही से जहाँ मॉडल शॉप संचालक में हड़कंप मचा हुआ है तो वही इस मॉडल शॉप का विरोध कर रहे लोगों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गयी है।
भारत माता की प्रतिमा के सामने आबकारी नियम को ताक पर रखकर खोले गए मॉडल शॉप का कांग्रेस कार्यकर्ता शुरू से ही विरोध कर रहे थे। कई दिनों तक धरना प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मॉडल शॉप को बंद किये जाने के लिए प्रशासन को ज्ञापन भी दिया था। आज उस ज्ञापन पर कार्यवाही होने से कांग्रेसी काफी उत्साहीत हैं।
बताया जाता है कि जिला अधिकारी ने चौराहे पर भारत माता की प्रतिमा लगी होने पर इस मामले को गंभीरता से लिया और इस प्रतिमा से मॉडल शॉप की दूरी कम होने पर इस पर कार्यवाही के निर्देश आबकारी को दिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भारत माता की प्रतिमा के सामने मॉडल शॉप खुलने से आये दिन शराबियों का जमघट लगा रहता था और असामाजिक तत्वों द्वारा भारत माता की प्रतिमा को खंडित किये जाने का भय बना रहता था। जिला अधिकारी ने इस मामले में कार्यवाही की इसके लिए उन्हें साधुवाद है।