आगरा। गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहे संतोष यादव और उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कुख्यात बदमाश संतोष को उसकी सगाई वाले दिन गिरफ्तार किया। पुलिस ने वांछित चल रहे संतोष यादव के दूल्हा बनने के सपने पर पानी फेर दिया है। संतोष की चार दिन बाद शादी होनी थी। पुलिस ने संतोष यादव और उसके साथी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर जेल भेज दिया है।
क्षेत्रीय पुलिस ने बताया कि संतोष यादव के शहर में होने की मुखबिर से सूचना मिली जिस पर क्षेत्र में वाहन चेकिंग को सख्त किया और अवंती बाई चौराहे से इन दोनों शातिर बदमाशो को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से एक स्कोर्पियो बरामद हुई है। दोनों के खिलाफ अन्य थानों में भी मुकदमे दर्ज है। दोनों को जेल भेजने की कार्यवाही हुई है।
पुलिस ने बताया कि बमरौली अहीर निवासी संतोष यादव और उसके साथियों के खिलाफ चुनाव के दौरान थाने में गैंगस्टर का मुकदमा लिखा गया था। यह मुकदमा पूर्व में दर्ज फायरिंग के आधार पर लिखा गया था। इस गांव में दो पक्षो में खूनी रंजिश चल रही है जिसमे कई हत्याएं हो चुकी है। 2015 में एक दबिश के दौरान सिपाही प्रदीप यादव की हत्या हुई थी जिसमे लाखन यादव और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया था। संतोष यादव उसी पक्ष से है।
पुलिस ने बताया कि एक कुख्यात बदमाश की असली ससुराल जेल है। संतोष यादव व उसके साथी को सही जगह भेजा जा रहा है जिससे वो अपने ससुराल का भी आनंद ले सके।