आगरा। शादी समारोह में उस समय हड़कम्प मच गया जब वरमाला के बाद फेरे लेने के लिए मंडप पर दूल्हे को देखकर दुल्हन ने अचानक से शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन बिना फेरे लिए ही मंडप से उठ गई। दुल्हन के इंकार करने से दोनो परिवारों में हड़कंप मच गया। अचानक से शादी तोड़े जाने का मामला क्षेत्रीय थाने पहुँच गया। पुलिस के सामने दोनो पक्षो की पंचायत हुई लेकिन लड़की ने उस लड़के से शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
रविवार रात को रामबाग पार्क के सामने स्थित गोमती गार्डन में शादी समारोह चल रहा था। दूल्हा नरेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी भोगीपुरा शाहगंज जबकि दुल्हन पुष्पा (काल्पनिक नाम) पुत्री भारत सिंह निवासी जीवनी मंडी की निवासी है। दोनों की शादी गोमती गार्डन, रामबाग पर हो रही थी। वर वधु के वरमाला का कार्यक्रम होने के बाद दूल्हा और दुल्हन ने भोजन किया। तभी दूल्हे ने अपने दोस्तों के साथ शराब पी ली। जिसके बाद दूल्हा नशे में टल्ली होकर झूमने लगा। कभी वह लेट रहा था तो कभी झूम रहा था।
तड़के सुबह 4 बजे फेरे की रस्म शुरू होने वाली थी। सारी तैयारियां हो गई थीं। बार- बार दूल्हे को बुलाने के बाद भी वह नहीं पहुंच रहा था। जब दूल्हे के परिजन जोर जबरजस्ती उसे लेकर मंडप में पहुँचे तो बैठते ही झूमने लगा। यह देख पंडित जी ने अचानक दूल्हे को टोक दिया और कहा कि शराब तो नही पिये हो। यह सुनकर दूल्हा भड़क गया और अपने होने वाले ससुर के साथ पास खड़ी महिलाओं को गालियां देने लगा। नशे में धुत दूल्हे ने कहा कि जल्दी जल्दी शादी कराओ। यह पूरा माज़रा देखकर और सुनकर दुल्हन भड़क गई और अचानक उसने शादी से इनकार कर दिया।
किसी के द्वारा 100 नंबर पर सूचना करने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जब पुलिस ने दुल्हन से शादी के बारे में पूछा तो दुल्हन ने नशेबाज दूल्हे से शादी करने से साफ मना कर दिया। अंत में पुलिस दूल्हे को अपने साथ थाने ले गई। इधर नशा उतरने के बाद दूल्हा भी सफाई देने लगा और दोस्तो की शरारत बताकर अपने आप को बचाने लगा।
तुरंत ही वर एवं वधू पक्ष के लोग थाने पहुंच गए और आपस में समझौता करने लगे। थाने में बात ना बनने पर दोनों ही पक्ष वापस मैरिज होम आ गए और मैरिज होम में भी देर सुबह तक समझौता चलता रहा। आखिरकार जो शादी 8 लाख रुपए में तय हुई थी उसमें दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया और बिना शादी हुए ही वापस चले गए।