फतेहाबाद क्षेत्र के गांव खेड़ा जवाहर में प्राइवेट कंपनी एनसीसी के 4 कर्मचारी विद्युत करंट की चपेट में आ जाने से बुरी तरह से झुलस गए। झुलसे हुए प्राइवेट विद्युत कर्मचारियों को ग्रामीणों ने तुरंत निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया जहाँ सभी का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से विद्युत कर्मचारियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है।
सरकार की ओर से हर गांव को विद्युत से रोशन करने के लिए दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना के तहत फतेहाबाद क्षेत्र में प्राइवेट कंपनियों के द्वारा विद्युत लाइन डालने का काम किया जा रहा है। करीब 12 बजे खेड़ा जवाहर गांव में प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी विद्युत लाइन बिछा रहे थे तभी ऊपर से निकल रही 11 हजार की विद्युत लाइन से एक तार टकरा गया और करंट ने सभी कर्मचारियों को नीचे फेंक दिया। इससे विद्युत कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गए। ग्रमीणों ने तुरंत विद्युत कर्मचारियों को मिट्टी में लिटाकर उनके शरीर को दबाया और फिर निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
झुलसे हुए कर्मचारी शिवचरण ने बताया कि राम लखन, विजेंद्र, अबरार, निवासी नगला दया फिरोजाबाद विद्युत केबिल खींच रहे थे तभी केबिल का हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11000 लाइन से टच हो गया और लाइन में करंट दौड़ने से चारों कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। जानकारी होने पर कर्मचारियों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।