आगरा । देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती को कांग्रेस पार्टी ने श्रद्धाभाव के साथ मनाया। आगरा शहर में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। शहर और जिला कांग्रेस पार्टी की ओर से पार्टी कार्यालय पर विचार गोश्ठी का आयोजन किया गया। शहर व जिला कांग्रेस कार्यालय पर पार्टी अध्यक्षो ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पंडित जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर सभी ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पंडित जवाहर लाल नेहरू के देश के प्रति दिए योगदान को सभी के सामने रखा।
इस दौरान महिला कांग्रेस की ओर से सेंट पीटर्स चौराहे पर पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती मनाई। सभी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष का कहना था कि पंडित जवाहर लाल नेहरु को बच्चों से बहुत प्यार था इसलिए सभी उन्हें चाचा के नाम से भी पुकारते है। इसलिए उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाते है।
युवा नेता अजय वाल्मीक और प्रेम सिंह का कहना था कि पंडित जवाहर लाल नेहरू का देश की आजादी में अहम योगदान है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर आजादी की लड़ाई लड़ी। वरिष्ठ कांग्रेसी अनवार सिद्की का कहना था कि उनके योगदान को कोई भुला नही सकता। उन्होंने देश के विकास के लिए सर्व समाज को एक सूत्र में बांधा था।