आगरा। पेट्रोल और डीज़ल के बढ़ते दामों को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अब सड़कों पर उतर आए है। युवा कांग्रेस आगरा ज़िला अध्यक्ष नदीम नूर के नेतृत्व में सैकडों युवा कांग्रेसियों ने पेट्रोल, डीज़ल व लगातार रुपया में हो रही गिरावट को लेकर ज़िला मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी करते हुए मोदी सरकार का पुतला फूंक दिया। इस प्रदर्शन के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के वायदों की पोल भी खोली और मोदी सरकार को जनविरोधी भी बताया।
युवा कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष नदीम नूर ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार बढ़ रही पेट्रोल व डीज़ल के दाम से पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है, लाखों उद्योग बंद होने के कगार पर हैं। पेट्रोल डीज़ल के एतिहासिक दामों ने महंगाई को चरम सीमा पर पहुँचा दिया है जिससे ग़रीब आम व्यक्ति, किसान, मज़दूर सभी आज केंद्र सरकार को कोस रहे हैं। वहीं डॉलर लगातार मज़बूत होते हुए 71 पर पहुँच गया है जिससे भारतीय रुपया की साख लगातार गिरती जा रही है मगर केंद्र में बैठी सरकार को कुछ दिखायी नही दे रहा है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कहना था कि भाजपा सिर्फ सांप्रदायिकता का ज़हर घोलने और दंगा फ़साद कराने में व्यस्त है उसे देश की चिंता नही है।
युवा कांग्रेसी अजय वाल्मीक का कहना था कि भाजपा सरकार में पेट्रोल डीज़ल के जो दाम बड़े है वो पिछली किसी भी सरकार में नही बढे। कांग्रेस की सरकार में जब पेट्रोल महँगा हुआ था तो भाजपाइयों ने महंगाई डायन कहा और आज वो लोग उसे अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव की बात कह रहे हैं। अब भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए।
युवा कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष नदीम नूर ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि जल्द ही पेट्रोल व डीज़ल के दाम नहीं घटे तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व पार्षद अहमद हसन, प्रदेश सचिव अदनान कुरेशी, अजय वाल्मीकि, सुगम शिवहरे, मनीष जुम्मानि, इशु जैन, के पी सिंह चंदेल, अंशुल जादौन, सोमेश बघेल, संदेश चाहर, हीरो अहमद, प्रेमपाल, राघवेंद्र सिंह मीनु, याकूब शेख़, मो आरिफ़, सलमान खान, तकसीर अहमद, मो सलमान, नदीम ठेकेदार, शानू कुरेशी, आमिल सलमानी, मुबीन अहमद, राशिद वसीम, साईस्ता बेगम आदि लोग मौजूद रहे।