Home आगरा आगरा में हर घर तक गंगाजल पहुंचाने को जल्द शुरू होगी 185 करोड़ की परियोजना

आगरा में हर घर तक गंगाजल पहुंचाने को जल्द शुरू होगी 185 करोड़ की परियोजना

by admin

Agra. प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मिलकर सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी द्वारा पेयजल की समस्या निस्तारण के लिए किए गए कार्य को सभी के सामने रखा, साथ ही हर घर में गंगाजल पहुंचे इसको लेकर लगभग 185 करोड़ की परियोजना के शुरू किए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना से उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की जनता को लाभ मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और बेबी रानी मौर्य ने संयुक्त रूप से बताया कि ताजनगरी की दशकों पुरानी पेयजल समस्या का निराकरण पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुआ है। आज आगरा को 350 एमएलडी गंगाजल मिल रहा है। आगरा की प्यास बुझाने के 185 करोड़ की लागत से एक परियोजना शुरू कराई गई थी जो लगभग पूरी हो रही है। इस परियोजना के अंतर्गत 7 ओवरहेड टैंक, 4 CWR, चार पंपिंग स्टेशन और मेन राइजिंग लाइन के साथ-साथ घर-घर लाइन बिछाने के लिए 180 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इस योजना से ऐसे क्षेत्रों को जोड़ा गया है जहाँ कभी पानी की पाइप लाइन थी ही नहीं। इस योजना के विकास क्षेत्र को आगे बढ़ाए जाने की योजना है और छावनी विधानसभा क्षेत्र को भी इसमें जोड़ा जाएगा।

आगरा की पुरानी जर्जर लाइन से हो रहे लीकेज पर उन्होंने कहा कि इसको लेकर भी सीएम योगी और पीएम नरेंद्र मोदी से बात की गई है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो टुकड़ो में विभाजित करके आगरा की जर्जर पेयजल पाइप लाइन को बदला जाएगा।

प्रेसवार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने योगी सरकार की ओर से शिक्षा पाठ्यक्रम से मुगलों के इतिहास को हटाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुगल आक्रांता थे। उनका महिमामण्डन कैसे क्या जा सकता है। मुगल से पहले का भी आगरा और भारत में महापुरुषों का इतिहास रहा है। उनका इतिहास पढ़ाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में शिक्षा को संस्कार, रोजगार, संस्कृति व तकनीकी के साथ जोड़े जाने का प्रयास किया जा रहा है। पाठ्यक्रम भी नई शिक्षा नीति के आधार पर बनाया जा रहा है। यह नीति देश की मिट्टी, प्रकृति व संस्कृति से जुड़ी हुई है।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि बिहार और पश्चिमी बंगाल में असहिष्णु विचारधारा की सरकार है तभी वहां पर विशेष संप्रदाय द्वारा उपद्रव और आगजनी की जा रही है। वहां की सरकार उसको बढ़ावा एवं संरक्षण देने का काम कर रही है। देश की जनता अब सब जानती है। ऐसे राजनीतिक दलों और ऐसी सरकार को जनता उखाड़ फेंकेंगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जो रामचरितमानस पर अभद्र टिप्पणी और धार्मिक ग्रंथ को जलाने की बात करें उनकी मति भ्रष्ट हो गई है। विनाश काले विपरीत बुद्धि। रामायण का विरोध करने वाले लोग समाज पर एक बड़ा अभिशाप हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की आकांक्षाओं को अन्य सरकारों ने कुचलने का काम किया है। आज हिंदू समाज को उचित सम्मान मिल रहा है। देश के संत समझ चुके हैं के भाजपा सरकार में हिंदू समाज सुरक्षित है इसलिए आज संत समाज हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और रामराज्य की ओर बढ़ रही है। रामराज्य गलत नहीं है। गांधी ने भी रामराज्य की कल्पना की थी।

Related Articles

Leave a Comment

%d bloggers like this: