Home » बुजुर्ग दंपति पर हमला कर बदमाशों ने डाली डकैती, लाखों की लूट से मचा हड़कंप

बुजुर्ग दंपति पर हमला कर बदमाशों ने डाली डकैती, लाखों की लूट से मचा हड़कंप

by pawan sharma

आगरा। आगरा के बाह थाना क्षेत्र के होलीपुरा गांव में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति पर अपना कहर बरपाया। बदमाश बैखोफ होकर घर में घुसे। पहले बदमाशों ने डकैती डालने का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपति के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें मरणासन्न कर आराम से डकैती की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश बुजुर्ग दम्पति को मरा हुआ समझकर घर में ही छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों ने घर से कीमती सामान सहित सोने और चांदी के आभूषण सहित नगदी ले गए।

घटना की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। क्षेत्रीय पुलिस तुरन्त मौके पर पहुँची और घायल दंपति को पहले इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर घटना की जांच पड़ताल में जुट गयी।

बाह थाना क्षेत्र के होलीपुरा गांव में पीड़ित रामज्ञान अपनी पत्नी के साथ अकेले रहते हैं। यह बुजुर्ग दंपति परचून की दुकान चलाकर अपना जीवन यापन कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह दंपति के घर से चीख पुकार की आवाज आने पर जब लोगों ने दौड़ लगाई तब इस घटना का पता चला। बुजुर्ग दंपती के घर में पड़ी डकैती से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी सुचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

लोगों का कहना कि जिस तरीके से मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे लगता है कि बाबरिया गिरोह का काम है। वहीं पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से छानबीन कर रही है।

इस घटना में बुजुर्ग दंपत्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन डॉक्टरों ने दोनों की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Comment